दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे: सिर्फ सड़क नहीं, कई शहरों में पहुंचने का है पूरा रोड नेटवर्क
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे सिर्फ एक मार्ग नहीं, बल्कि एक व्यापक सड़क नेटवर्क है। यह दो प्रमुख एक्सप्रेसवे, पांच राष्ट्रीय राजमार्गों और दस से अधिक रा ...और पढ़ें
-1775326335856_m.webp)
देहरादून दिल्ली एक्सप्रेस वे। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अश्वनी त्रिपाठी, देहरादून। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे सिर्फ ढाई घंटे में दिल्ली पहुंचने का मार्ग ही नहीं, बल्कि दिल्ली और देहरादून के निकट स्थित कई शहरों में पहुंचने का पूरा रोड नेटवर्क होगा।
करीब 210 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे दो प्रमुख एक्सप्रेसवे, पांच नेशनल हाईवे और 10 से अधिक स्टेट हाइवे व स्थानीय सड़कों से कनेक्ट होकर पूरे क्षेत्र में कनेक्टिविटी का जाल फैलेगा।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की खासियत कई नेशनल और स्टेट हाइवे से इसकी सीधी कनेक्टिविटी है।

दिल्ली में अक्षरधाम से चलकर यात्री दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे व ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर पहुंच सकेंगे, वहीं रास्ते में पड़ने वाले विभिन्न निकास के जरिये यात्री एनएच-44, एनएच-334, एनएच-307, एनएच-709बी व एनएच-7 जैसे नेशनल हाइवे पर जाकर अलग-अलग शहरों में जा सकेंगे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई स्टेट हाईवे और स्थानीय मार्गों से यह एक्सप्रेसवे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष जुड़ेगा, जिनमें दिल्ली-बागपत मार्ग, मेरठ-बागपत मार्ग, मेरठ-बुलंदशहर मार्ग, मुजफ्फरनगर-देवबंद-सहारनपुर मार्ग और मुजफ्फरनगर-शामली मार्ग प्रमुख हैं।
वहीं, उत्तराखंड में देहरादून के आसपास स्थित देहरादून-मसूरी, देहरादून-ऋषिकेश और देहरादून-विकासनगर मार्ग से कनेक्टिविटी मिलने से पर्यटन स्थलों तक पहुंच और आसान हो जाएगी।
सोनीपत, पानीपत और गुरुग्राम से सीधे आएंगे पर्यटक
दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे खेकड़ा में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगा। इस कारण ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जुड़े सभी शहरों से उत्तराखंड की सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी।
सोनीपत, पानीपत, कुंडली, मानेसर, गुरुग्राम,पलवल, बागपत, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, चंडीगढ़, अंबाला और यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए आगरा तक के पर्यटक देहरादून आसानी से पहुंच सकेंगे।
दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे देश के सबसे आधुनिक और तकनीकी रूप से उन्नत एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में है। इस एक्सप्रेसवे की सबसे बड़ी खासियत एलिवेटेड कारिडोर और एक्सेस कंट्रोल सिस्टम है। इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट की सुविधा यात्रा को सुरक्षित और स्मार्ट बनाएगी।
-विशाल गुप्ता, क्षेत्रीय अधिकारी, एनएचएआइ
यह भी पढ़ें- PM मोदी 14 अप्रैल को करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, शहर के अंदर से गुजरेगा उनका काफिला
यह भी पढ़ें- PM मोदी करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, गणेशपुर में उतरेगा विमान; जनसभा की तैयारी