विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में डेंगू का खतरा बरकरार, तीन और नए मामले सामने आए

Updated: Sun, 30 Aug 2026 07:38 AM (IST)

दून में डेंगू का प्रकोप जारी है, शनिवार को 980 सैंपल में से तीन नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. शनिवार को 980 सैंपल में से तीन नए डेंगू मरीज मिले

  2. दून में अब तक कुल 112 डेंगू संक्रमितों की पुष्टि हुई

  3. 10 हजार से अधिक घरों में डेंगू लार्वा का सर्वे किया गया

जागरण संवाददाता, देहरादून। दून में डेंगू का डंक कमजोर नहीं पड़ रहा है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के बीच डेंगू संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की 29 अगस्त की डेंगू एलाइजा रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को 980 सैंपल की जांच की गई, जिसमें तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। जिसमें दो हरिद्वार जबकि एक उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से हैं।

980 सैंपल की जांच में तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव, कुल संक्रमितों की संख्या 112 पहुंची

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक लिए गए 21969 सैंपल में डेंगू के 112 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 54 मरीज देहरादून और 58 अन्य राज्य व जिलों के हैं। वर्तमान में 103 मरीज रिकवर हो चुके हैं। नौ मरीज संक्रमित हैं जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। राहत की बात है कि डेंगू से अब तक किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है।

डेंगू रोकथाम को लेकर घर-घर सर्वे, 177 घरों में डेंगू का लार्वा

डेंगू के बढ़ते खतरे के बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से मच्छरों के स्रोतों को नष्ट करने के लिए घर-घर सर्वे और सोर्स रिडक्शन अभियान तेज किया गया है। शनिवार को आशा कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की टीमों ने जिले में 10,425 घरों का सर्वे किया। इस दौरान 68,924 कंटेनर यानी पानी जमा होने वाले बर्तनों और स्थानों की जांच की गई।

यह भी पढ़ें- देहरादून में इन्फ्लूएंजा H1N1 के बढ़ते मामले: स्वाइन फ्लू के 11 नए मरीज, अस्पताल में कल से फ्लू OPD

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: मानसून फिर सक्रिय, 2 सितंबर तक भारी बारिश; देहरादून सहित 8 जिलों में आज यलो अलर्ट

रोकथाम के लिए 10 हजार से अधिक घरों में चला सर्वे

सर्वे में 177 घरों में डेंगू का लार्वा मिला, जबकि 253 कंटेनर पॉजिटिव पाए गए। टीमों ने मौके पर ही लार्वा नष्ट करने के साथ लोगों को साफ-सफाई और पानी जमा न होने देने के प्रति जागरूक किया।

अभियान के तहत अब तक आशा कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की ओर से 7,80,524 घरों का सर्वे किया जा चुका है। इनमें 13,964 घर पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, 49,14,771 कंटेनरों की जांच में 17,375 कंटेनर पॉजिटिव पाए गए हैं।