Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देहरादून का दिव्यांशु हत्याकांड: 25 हजार के इनामी दो मुख्य आरोपित बंगाल से दबोचे गए

    Updated: Thu, 09 Apr 2026 10:39 PM (IST)

    देहरादून के प्रेमनगर में हुए दिव्यांशु जाटराना हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 25-25 हजार रुपये के इनामी दो मुख्य आरोपित प्रहलाद राज और अंक ...और पढ़ें

    दिव्यांशु हत्याकांड में बंगाल से गिरफ्तार आरोपित।

    दिव्यांशु हत्याकांड में बंगाल से गिरफ्तार आरोपित।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, देहरादून। प्रेमनगर में हुए दिव्यांशु जाटराना हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दिव्यांशु की हत्या में शामिल 25-25 हजार रुपये के इनामी दो आरोपितों को बंगाल से गिरफ्तार किया है।

    आरोपितों की पहचान प्रहलाद राज निवासी हनुमान नगर न्यू एरिया, जिला नवादा, बिहार व अंकुर निवासी महल्दीचक सोनपर, जिला गोपालपुर, बिहार दोनों वर्तमान निवासी सैनिक कालोनी, प्रेमनगर के रूप में हुई है। इनमें से प्रहलाद राज मुख्य आरोपित है।

    इस मामले में पुलिस चार आरोपितों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपित अपने पापों का प्रायश्चित करने के लिए बंगाल स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे थे।

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि बीते 23 मार्च की रात केहरी गांव, प्रेमनगर में छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई थी।

    इस घटना में बीटेक का छात्र दिव्यांशु जाटराना गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई।

    घटना के बाद मृतक के स्वजन की तहरीर पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले में पुलिस चार आरोपित युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल, शिवम शर्मा व अंकित भारद्वाज को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

    उन्होंने बताया कि पूछताछ और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान सात अन्य आरोपितों की पहचान हुई, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

    फरार आरोपित ऋतिक राज, शांतनु कुमार, उज्ज्वल सिंह, अंकुर, आदित्यराज, विनीत राज और प्रहलाद राज पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित करते हुए सभी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी हासिल किए।

    बदलते रहे ठिकाने, बंगाल में हुए गिरफ्तार

    फरार चल रहे सात इनामी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। एसएसआइ प्रेमनगर अनीत कुमार, एसओजी से एसआइ शैंकी कुमार व कुठालगेट चौकी प्रभारी प्रवीण सैनी की देखरेख में एक टीम बंगाल रवाना की गई।

    सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपित प्रहलाद राज व अंकुर सिंह को आकाश रिजार्ट, पुरूलिया थाना बांगमुंडी, बंगाल से गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया जा रहा है।

    यह भी पढ़ें- दिव्यांशु हत्याकांड: देहरादून में राकेश टिकैत, बोले- 'सीएम करें मुलाकात, वरना जारी रहेगा धरना'

    यह भी पढ़ें- प्रेमनगर हत्याकांड: दिव्यांशु के हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस, ढाबा संचालक पर भी शक