गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड पर बड़ा अपडेट, दो शूटरों की हुई पहचान; जमशेदपुर पहुंची उत्तराखंड पुलिस
देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं। शूटर राज्य से बाहर निकल गए, जिसके बाद उत्तराखंड ...और पढ़ें

विक्रम शर्मा के शूटरों की तलाश चुनौती. File Photo

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। पाश एरिया राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी माल के अंदर झारखंड के गैंग्सटर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ दूसरे दिन भी खाली रहे। गैं
ग्सटर को गोली मारकर फरार हुए शूटरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से राज्य की सीमाओं पर नाकाबंदी की हुई थी, लेकिन शूटर पुलिस से चालाक निकले और चकमा देकर राज्य से बाहर निकल गए।
अब पुलिस व एसटीएफ की टीमें शूटरों की गिरफ्तारी के लिए जमशेदपुर (झारखंड) तक पहुंच गई हैं। शूटरों की तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही है, लेकिन सफलता अब तक हाथ नहीं लग पाई है।
गैंग्सटर की हत्या करने के लिए शूटर पूरी तैयारी के साथ आए थे। वह फ्लाइट से उत्तराखंड पहुंचे और हरिद्वार से किराये पर स्कूटी व बाइक ली।
शुक्रवार सुबह वह देहरादून पहुंचे और गैंग्सटर विक्रम शर्मा की हत्या के बाद फरार हो गए। शूटरों ने हरिद्वार स्थित जिस दुकान से बाइक व स्कूटी किराये पर ली थी, वहां दोनों वाहन जमा कराए और आगे निकल गए।
इस हत्याकांड में पुलिस को सीसीटीवी से तीनों शूटरों की फुटेज मिली है। जिसके आधार पर तीनों की पहचान हो पाई है। इसके बाद पुलिस शूटरों का पीछा करते हुए जमशेदपुर पहुंची और शूटर बागबेड़ा निवासी आकाश प्रसाद, गाराबाशा निवासी विशाल सिंह व जुगसलाई निवासी आशुतोष के घरों पर दबिश दी, लेकिन तीनों घर से फरार मिले।
पुलिस के अनुसार, तीनों की आपराधिक गतिविधियों का पूर्व में भी रिकार्ड रहा है। अब तक की जांच में सामने आया है कि विक्रम शर्मा का कोई नजदीकी था, जिसने उसकी हत्या करवाई है। उसी ने ही विक्रम शर्मा के रूट की जानकारी भेजी।
बताया जा रहा है कि विक्रम शर्मा पूर्व में जमशेदपुर के मानगो में एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित आशियाना एन्क्लेव में रहता था, जबकि उसका परिवार देहरादून में निवास करता है। आपराधिक मामले के चलते उसके मानगो स्थित फ्लैट को पहले सील किया गया था।
बाद में सभी मामलों में बरी होने के बाद फ्लैट से सील हटा दी थी। विक्रम शर्मा कभी देहरादून, जबकि कभी जमशेदपुर में रहता था। कुछ समय से वह राजनीति में भी सक्रिय था।
दोस्त की शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा
विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में डालनवाला कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दोस्त की तहरीर पर हुआ है।
शिकायतकर्ता अखिलेश सिंह, निवासी सहस्रधारा रोड ने बताया कि 13 फरवरी की सुबह उनके दोस्त गौरव सिंह ने सूचना दी कि विक्रम शर्मा को जिम में कुछ हो गया है। ऐसे में उन्हें तत्काल मैक्स अस्पताल बुलाया गया।
सूचना पाकर वह तत्काल मैक्स अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि विक्रम शर्मा को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी और चिकित्सक ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया। तहरीर के आधार पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।