देहरादून में घमंडपुर-जीवनवाला के बीच बनेगा 295.50 मीटर लंबा पुल, शासन से मिली मंजूरी
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के घमंडपुर और जीवनवाला के बीच लंबे समय से प्रस्तावित पुल निर्माण को शासन से हरी झंडी मिल गई है। ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
घमंडपुर-जीवनवाला पुल निर्माण को शासन से मिली हरी झंडी।
295.50 मीटर लंबे पुल के लिए 36.50 करोड़ स्वीकृत।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद ग्रामीणों की मांग पूरी हुई।
जागरण संवाददाता, देहरादून। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के घमंडपुर और जीवनवाला (अठुरवाला) के बीच लंबे समय से प्रस्तावित पुल निर्माण को शासन से हरी झंडी मिल गई है। मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में शासन ने 295.50 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 36 करोड़ 50 लाख 33 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। पुल को स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
घमंडपुर-जीवनवाला के बीच पुल निर्माण की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे। बरसात के दौरान क्षेत्र में आवागमन प्रभावित होने के साथ ही ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देने के साथ आंदोलन भी किए थे। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि घमंडपुर-जीवनवाला पुल क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि पुल बनने से ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
पुल निर्माण की स्वीकृति के बाद अब संबंधित विभाग की ओर से निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। ग्रामीणों को जल्द ही पुल निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में आशारोड़ी-झाझरा बाईपास से बदलेगी देहरादून की रफ्तार, 2027 तक होगा तैयार