बदरीनाथ में चढ़ावा चोरी: बहस को तैयार गोदियाल, कहा- नौटियाल से रिश्ते की बात मनगढ़ंत
बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावा चोरी प्रकरण में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के आरोपों का खंडन किया है। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावा चोरी प्रकरण में आरोप-प्रत्यारोप का दौर निरंतर जारी है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बीकेटीसी के मौजूदा अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि चोरी के आरोप में पकड़ा गया व्यक्ति दूसरों पर आरोप लगाकर दोषमुक्त नहीं हो सकता।
द्विवेदी को अपने पद से त्यागपत्र देकर जांच के रास्ते को प्रशस्त करना चाहिए। साथ ही द्विवेदी से बीकेटीसी के वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल से उनके तथाकथित रिश्ते का प्रमाण भी देने को कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकरण में बदरीनाथ धाम में बहस की चुनौती उन्हें स्वीकार है।
आरोपों का सिलसिलेवार जवाब
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने बीकेटीसी अध्यक्ष द्विवेदी के आरोपों का सिलसिलेवार जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी मामले में पकड़े गए बीकेटीसी के वैयक्तिक सहायक नौटियाल की नौकरी न तो उनके बीकेटीसी के अध्यक्ष के कार्यकाल में लगी और न उसके स्थायीकरण का कोई प्रस्ताव आया।
नौटियाल को स्थायी करने का प्रस्ताव वर्ष 2010 में शासन को गया और शासन ने वर्ष 2014 में उसे स्थायी किया। उन्होंने नौटियाल से उनके रिश्ते की बात को पूरी तरह मनगढ़ंत करार दिया और कहा कि बीकेटीसी अध्यक्ष द्विवेदी के पास ऐसा कोई प्रमाण है तो वह इसे सार्वजनिक करें।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि नौटियाल से उनका नहीं, बल्कि द्विवेदी का रिश्ता है। द्विवेदी ने ही नौटियाल को बदरीनाथ धाम में चढ़ावा के गणना कार्य में लगाया था। ऐसे में द्विवेदी को बताना चाहिए कि यह रिश्ता क्या कहलाता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने ही द्विवेदी को बदरीनाथ धाम में इस पूरे प्रकरण पर बहस की चुनौती दी थी और वह इसके लिए तैयार हैं।