देहरादून में हरियाणा के युवक ने सड़क पर उत्तराखंड पुलिस को चाकू दिखाकर दौड़ाया, फोर्स बुलाकर किया गिरफ्तार
देहरादून के राजपुर क्षेत्र में एक युवक ने अपनी कार बीच सड़क पर खड़ी कर पुलिसकर्मियों को चाकू दिखाकर डराया। ...और पढ़ें

देहरादून के राजपुर क्षेत्र में हरियाणा के एक युवक ने बीच सड़क पर चाकू लेकर पुलिस को दौड़ाया।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। राजपुर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हरियाणा के एक युवक जोहड़ी तिराहे पर अपनी कार बीच सड़क पर खड़ी कर चाकू लेकर बाहर निकला।
पुलिसकर्मी आरोपित को देखकर तितर-बितर हो गए और थाने से और फोर्स बुलाया, तब उसे गिरफ्तार किया गया। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित की पहचान हरियाणा के भिवानी निवासी विनय के रूप में हुई है। वह हुंडई वरना कार चला रहा था।

ट्रैफिक पुलिस ने जब उससे वाहन हटाने को कहा तो उसने सहयोग करने के बजाय अभद्रता शुरू कर दी। इसी दौरान उसने अपने पास रखा सब्जी काटने वाला चाकू निकाल लिया और पुलिसकर्मियों को डराने तथा हमला करने की कोशिश की।
अचानक चाकू निकलने से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। स्थिति बिगड़ती देख जाखन चौकी से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।

काफी देर तक चले हंगामे के बाद छह पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर आरोपित को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपित का एल्कोमीटर टेस्ट कराया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत उसकी कार को सीज कर दिया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपित की पत्नी हाल ही में देहरादून के रायपुर स्थित अपने मायके आई हुई थी। विनय भी अपनी ससुराल पहुंचा था।
पूछताछ के दौरान उसकी पत्नी ने पुलिस को बताया कि विनय वर्ष 2021 से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से गुजर रहा है। दिल्ली स्थित फोर्टिस अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
सीओ नितिन लोहानी ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग, यातायात बाधित करने और पुलिस को धमकाने के मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
साथ ही आरोपित के मेडिकल रिकार्ड और अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
यह भी पढ़ें- देहरादून के त्यूणी में 15 वर्षीय हिन्दू किशोरी से दुष्कर्म, मुस्लिम युवक अनस गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- देहरादून के प्रेमनगर में छात्रों की खूनी झड़प, हॉस्टल में प्रेशर कुकर से सिर फोड़ा