बारिश का कहर: देहरादून-मसूरी हाईवे पर धंसी 10 मीटर सड़क, लोनिवि ने रातों-रात पहाड़ी काटकर बहाल किया यातायात
देहरादून-मसूरी राजमार्ग पर पानीवाला बैंड के पास 10 मीटर सड़क धंसने के बाद लोनिवि ने पहाड़ी काटकर कुछ ही घंटों में यातायात बहाल कर दिया। ...और पढ़ें

दून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास पहाड़ी काटकर यातायात को बहाल कराया गया। जागरण
HighLights
देहरादून-मसूरी हाईवे पर 10 मीटर सड़क का हिस्सा धंसा
लोनिवि ने पहाड़ी काटकर कुछ ही घंटों में यातायात बहाल किया
अस्थायी व्यवस्था के तहत बिजली लाइन, पेड़ काटा गया
संवाद सहयोगी, मसूरी। लोक निर्माण विभाग ने रात भर हिलसाइड कटिंग कर मसूरी-दून मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया है।
कोल्हूखेत के पास पानी वाले बैंड से लगभग 200 मीटर नीचे मैगी प्वाइंट की ओर सोमवार को पुश्ता दरकने से सड़क ढह गई थी। साथ ही दरारें आने से मार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई थी।
सड़क क्षतिग्रस्त होने से एसडीएम के आदेश पर सोमवार रात मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई थी। मंत्री गणेश जोशी ने लोक निर्माण विभाग को रात भर कार्य कर सड़क को हर हाल में यातायात के लिए तैयार करने के निर्देश दिए थे।
इस पर लोनिवि के कर्मचारी पूरी रात मौके पर डटे रहे और जेसीबी से हिलसाइड कटिंग की गई। मंगलवार सुबह मार्ग पर हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई। हालांकि, अभी भी सड़क के दरकने की संभावना बनी हुई है। प्रशासन की ओर से वाहन चालकों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
मार्ग संकरा होने से बड़े वाहनों और रोडवेज बसों का संचालन अब भी बंद है। मौके पर पुलिस भी मौजूद है और लोगों को किमाड़ी मार्ग से मसूरी भेजा जा रहा है।
वहीं, किमाड़ी मार्ग पर भी अनेक स्थानों पर मलबा आने से खतरा बना हुआ है। एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि देहरादून से मसूरी आने वाले यात्रियों को फिलहाल मालदेवता, सुवाखोली मार्ग और चंबा-टिहरी रूट का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है।
बड़े वाहनों के न आने से मसूरी में सब्जी, राशन व गैस की किल्लत शुरू हो गयी है। वहीं, चामासारी से देहरादून जाने वाले मार्ग पर पुश्ता ढहने से यातायात बंद हो गया है।
आवासों में घुसा मलबा
सोमवार रात हुई भारी बारिश से मसूरी में किंक्रेग के पास जेपी बैंड पर मलबा सड़क पर जमा हो गया। साथ ही नीचे बने आवासों में घुस गया। इससे आवासों में रखा सामान खराब हो गया। लोनिवि ने जेसीबी से मलबा हटाकर यातायात सुचारु करवाया।
खबरें और भी
पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने सभाषद शिवानी भारती के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से आवासों में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- भारी बारिश से मसूरी-देहरादून मार्ग प्रभावित: सड़क पर आईं दरारें, लगा लंबा जाम
यह भी पढ़ें- मसूरी-देहरादून मार्ग पर भूस्खलन से डेढ़ घंटे जाम, पर्यटकों को हुई परेशानी