Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जागरण संवादी में CM धामी बोले- दीपक तो अंधेरे में था जैसे ही ‘मोहम्मद’ लगा तो कांग्रेस ने डाल दी रोशनी

    Updated: Sun, 14 Jun 2026 12:30 AM (IST)

    दैनिक जागरण संवादी में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर मुद्दों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया, खासकर कोटद्वार जिम संचालक मामले में। ...और पढ़ें

    देहरादून में मसूरी रोड स्थित फेयरफील्ड बाय मैरियट होटल में शनिवार को दो दिवसीय अभिव्यक्ति के उत्सव जागरण संवादी के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से संवाद करते दैनिक जागरण के राज्य संपादक मनोज कुमार झा। जागरण

    देहरादून में मसूरी रोड स्थित फेयरफील्ड बाय मैरियट होटल में शनिवार को दो दिवसीय अभिव्यक्ति के उत्सव जागरण संवादी के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से संवाद करते दैनिक जागरण के राज्य संपादक मनोज कुमार झा। जागरण

    HighLights

    1. कांग्रेस पर मुद्दों का राजनीतिकरण करने का आरोप, कोटद्वार मामले का जिक्र।

    2. अंकिता भंडारी केस में त्वरित SIT जांच, सभी आरोपी जेल में।

    3. उत्तराखंड का आर्थिक विकास, पर्यटन और डबल इंजन सरकार के लाभ।

    अश्वनी त्रिपाठी, देहरादून। दैनिक जागरण संवादी का मंच। सवालों की बौछार और केंद्र में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। बड़ा सवाल सीधे कांग्रेस के मुद्दों को लेकर।

    सीएम धामी बिना हिचक जवाब देते हैं, विपक्ष के पास जनता के बीच जाने के लिए अब कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए हर विषय को कांग्रेस राजनीतिक चश्मे से देख रही है।

    वे कहते हैं, कोटद्वार में जिम संचालक का नाम पहले सिर्फ दीपक था। तब किसी ने ध्यान नहीं दिया। लेकिन जैसे ही नाम के आगे ‘मोहम्मद’ जुड़ा, कांग्रेस की नजर बदल गई। यह दिखाता है कि कांग्रेस मुद्दों को किस नजर से देखती है। उनके सख्त तेवर साफ झलकते हैं।

    कहते हैं, कांग्रेस उत्तराखंड को राजनीति की प्रयोगशाला की तरह देख रही है। अगला सवाल अंकिता भंडारी को लेकर। इस पर सीएम धामी गंभीर स्वर में कहते हैं, यह घटना अत्यंत पीड़ादायक थी। राज्य सरकार ने बिना देरी के एसआइटी का गठन किया और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की।

    वह आगे जोड़ते हैं, सभी आरोपी जेल में हैं। जांच एजेंसियों ने हर पहलू की गहनता से जांच की। सभी आरोपी जेल में हैं। उनका भाव संवेदनशील हो जाता है। कहते हैं, सरकार के लिए यह एक केस नहीं, बल्कि न्याय और जवाबदेही का विषय था।

    सरकार ने अपना काम ईमानदारी से किया। दुर्भाग्य है कि संवेदनशील घटनाओं को भी कांग्रेस राजनीतिक रंग देने की कोशिश करती है।

    उत्तराखंड उभरती हुई आर्थिक ताकत बना

    चर्चा विकास पर आती है। सीएम धामी आत्मविश्वास के साथ कहते हैं, भाजपा सरकार विकास और सुशासन के एजेंडे पर पूरी मजबूती से काम कर रही है। वह बताते हैं, प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है, जीएसडीपी में सुधार हुआ है, पर्यटन, बिजली उत्पादन, फिल्म शूटिंग और खनन जैसे क्षेत्रों में उत्तराखंड लगातार आगे बढ़ रहा है।

    खबरें और भी

    वह महत्वपूर्ण आंकड़ा रखते हैं, पिछले कुछ वर्षों में करोड़ों पर्यटक राज्य में आए हैं, जिससे स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। दावा करते हैं कि उत्तराखंड अब केवल पहाड़ी राज्य नहीं, बल्कि उभरती हुई आर्थिक ताकत बन रहा है।

    जो छह दशकों में नहीं हुआ, 12 वर्षों में हुआ

    डबल इंजन सरकार से लाभ के सवाल पर सीएम धामी का स्वर दृढ़ हो जाता है। कहते हैं, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में ऐसे काम किए हैं, जो पहले छह दशकों तक नहीं हो सके।

    उदाहरण देते हैं, आदि कैलास यात्रा में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। पहले जहां कुछ सौ श्रद्धालु जाते थे, अब हजारों लोग पहुंच रहे हैं। उनका कहना है कि इससे सीमांत क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ी हैं। स्थानीय लोगों को रोजगार मिला है।

    चारधाम से कनेक्टिविटी तक का इंतजार समाप्त

    सवाल आता है, क्या उत्तराखंड का लंबा इंतजार अब खत्म हुआ है? सीएम धामी जवाब देते हैं, डबल इंजन सरकार ने विकास की गति तेज की है।

    वह बताते हैं, दिल्ली से देहरादून की यात्रा अब ढाई घंटे में संभव हो गई है। आल वेदर रोड ने चारधाम यात्रा को पहले से कहीं अधिक सुरक्षित और आसान बनाया है। लखवाड़ और जमरानी जैसी लंबित परियोजनाओं में तेजी आई है।

    केदारनाथ और बदरीनाथ के मास्टर प्लान पर काम चल रहा है। रोपवे परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उनके अनुसार यह सब कनेक्टिविटी का हिस्सा है।

    कार्यक्रम के अंत में सीएम धामी फिर दोहराते हैं, हम जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड रखेंगे। जनता तय करेगी कि उसे विकास चाहिए या केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति। तालियों की गूंज के बीच सत्र समाप्त होता है।

    यह भी पढ़ें- जागरण संवादी देहरादून में 'शब्दार्थ' का विमोचन, हिंदी भाषा की उलझनें होंगी दूर

    यह भी पढ़ें- जागरण संवादी 2026: देहरादून में प्रवाहित हुई ज्ञान, विज्ञान और शिक्षा की त्रिवेणी