देहरादून के जौनसार-बावर में मूसलधार बारिश: 12 से अधिक सड़कें बंद, किसानों की नकदी फसलें खेतों में फंसी
जौनसार-बावर क्षेत्र में मूसलधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जहाँ एक दर्जन से अधिक सड़कें भूस्खलन के कारण बंद हैं। ...और पढ़ें

देहरादून जौनसार-बावर में भारी के कारण बंद मोटर मार्ग को खोलती जेसीबी मशीन।
HighLights
जौनसार-बावर में मूसलधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
भूस्खलन के कारण एक दर्जन से अधिक सड़कें बंद
किसानों की नकदी फसलें मंडियों तक नहीं पहुँच पा रही
जागरण संवाददाता, विकासनगर (देहरादून)। जौनसार-बावर जनजातीय क्षेत्र में बीते रात से हो रही लगातार मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
बारिश के कारण क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक सड़कें जगह-जगह भूस्खलन और मलबे के कारण पूरी तरह बंद हो गई हैं।
मुख्य मार्गों सहित कई ग्रामीण मोटर मार्गों के बाधित होने से यातायात ठप है, जिससे स्थानीय किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
वर्तमान में क्षेत्र के किसान अपनी नकदी फसलों (सब्जियों) की तुड़ाई कर उन्हें मंडियों तक पहुंचाने में जुटे हैं। लेकिन, भारी बारिश और सड़कों पर आए भारी मलबे व पत्थरों ने उनके लिए मुसीबत खड़ी कर दी है।
फसलें समय से मंडियों तक न पहुंच पाने के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है।
लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षेत्र में कई सड़के बंद हो गई।
- लोक निर्माण सहिया: मसूरी-चकराता-लखवाड़ मार्ग, हरिपुर-ईच्छाड़ी-मीनस स्टेट हाईवे, ड्यूडीलानी-ठलीन-सक्रोल मार्ग, शंभू की चौकी-पंजिया-बनसार मार्ग और कालसी-बैराटखाई मोटर मार्ग।
- लोक निर्माण विभाग चकराता: त्यूणी-कथियान-बैराड मार्ग, जेपीआर-रडु-मुंधोल मार्ग, माक्टी-पोखरी मोटर मार्ग।
- पीएमजीएसवाई कालसी: खारसी-खाटुवा मार्ग, मुंशीघाटी-धोईरा-देऊ मार्ग, परियाड-सिमोग मार्ग और कोठा बैंड-सैंज-चंदोऊ मार्ग।
सड़कों के बंद होने की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। विभाग के अनुसार, मार्ग अवरुद्ध होने के कारण यातायात बाधित हुआ है।
अवरुद्ध सड़कों को जल्द से जल्द सुचारू करने के लिए संबंधित क्षेत्रों में जेसीबी मशीनें तैनात कर दी गई हैं।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मौसम में थोड़ा सुधार होते ही युद्धस्तर पर कार्य कर सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- देहरादून में भारी बारिश के बीच सुबह से फील्ड में डीएम, क्षतिग्रस्त सड़कों-पुलों का किया निरीक्षण
यह भी पढ़ें- भारी बारिश के कारण देहरादून पुलिस अलर्ट, नदी-नालों और गंगा घाटों से लोगों को हटाया गया