केदारनाथ हेली सेवाओं पर कड़ी निगरानी: उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
केदारनाथ हेली सेवाओं को सुरक्षित बनाने के लिए इस वर्ष सख्त निगरानी होगी। उल्लंघन पर हेली कंपनियों को निलंबित किया जाएगा। ...और पढ़ें

हेली उड़ान पर नजर रखने को पीटीजेड कैमरे के साथ हेलीकाप्टर के भीतर लाइव ट्रेकिंग डिवाइस लगाई जा रही।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
विकास गुसाईं, देहरादून। केदारनाथ धाम में इस वर्ष हेली सेवाओं को सुरक्षित बनाने के लिए इन पर सख्त निगरानी रहेगी। टेंडर शर्तों में तय मानकों का उल्लंघन करने वाले हेली कंपनियों को निलंबित करने जैसी त्वरित कार्रवाई होगी।
हेली उड़ान पर नजर रखने को पेन टिल्ट जूम (पीटीजेड) कैमरे के साथ ही हेलीकाप्टर के भीतर लाइव ट्रेकिंग डिवाइस भी लगाई जा रही है।
प्रदेश में प्रतिवर्ष केदारनाथ धाम के लिए शटल सेवाओं का संचालन किया जाता है। गत वर्ष प्रदेश में यात्रा के दौरान पांच हेली दुर्घटनाएं हुई थीं।
इनमें से तीन दुर्घटनाएं अकेले केदारनाथ में हुई थी। पहले चरण में हुई एक हेली दुर्घटना में पायलट समेत सात व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी। इसे देखते हुए दूसरे चरण में सेवाओं को सुरक्षित बनाने के लिए कदम उठाए गए थे।
इस वर्ष हेली सेवाओं के नए सिरे से टेंडर जारी कर आठ हेली कंपनियों का चयन किया गया है। इसके साथ ही यूकाडा ने कई अहम कदम भी उठाए हैं।
इसके तहत मौसम की सटीक जानकारी के लिए छह स्थानों पर आटोमेटिक वेदर स्टेशन लगाए जा रहे हैं। इनमें पायलट और कंट्रोल रूप को समय से मौसम का अपडेट प्राप्त होगा।
केदारनाथ व बदरीनाथ के साथ ही सहस्रधारा और सिरसी में एयर ट्रेफिक कंट्रोल संचालित होंगे। सभी हेलीपैड पर पीटीजेड कैमरे लगाने के साथ ही वेरी हाई फ्रीक्वेंसी सेटअप व सेलोमीटर लगाए जा रहे हैं।
हेली कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ तो उन्हें निलंबित कर संचालन से बाहर कर दिया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी हेली कंपनियां उड़ान से पूर्व निर्धारित तकनीकी जांच, मौसम की स्थिति का आकलन तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सभी प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेगी।
इसके अलावा पायलट और तकनीकी कर्मचारियों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित और सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सीईओ यूकाडा आशीष चौहान का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
शनिवार से 12 बजे से शुरू होगी हेली सेवाओं की बुकिंग
प्रदेश में हेली सेवाओं की बुकिंग शनिवार दोपहर 12 बजे से शुरू हो जाएगी। इसके लिए श्रद्धालु आइआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in पर जाकर टिकटों की बुकिंग कर सकते हैं।
जल्द विस्तृत गाइडलाइन जारी करेगा यूकाडा
हेली संचालन को लेकर अभी तक कोई एसओपी नहीं बनाई गई है। यद्यपि, यूकाडा इसके लिए विस्तृत गाइडलाइन जारी कर रहा है। इसे बनाने का कार्य चल रहा है।
यह भी पढ़ें- केदारनाथ हेलीकॉप्टर सेवा पर बड़ा अपडेट: 08 कंपनियां चुनी गईं, किराया भी हुआ तय
यह भी पढ़ें- केदारनाथ हेली टिकट बुकिंग: फर्जीवाड़े से बचें, केवल आधिकारिक पोर्टल से करें