Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देहरादून में कल से 'लोक संवर्धन पर्व' का भव्य आयोजन, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे उद्घाटन

    Updated: Fri, 10 Jul 2026 04:10 PM (IST)

    देहरादून के परेड ग्राउंड में 11 से 15 जुलाई तक 'लोक संवर्धन पर्व' का छठा संस्करण आयोजित होगा, जिसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे। ...और पढ़ें

    केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की फोटो।

    केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की फोटो।

    HighLights

    1. देहरादून में 11 से 15 जुलाई तक 'लोक संवर्धन पर्व' का आयोजन

    2. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे उद्घाटन, उत्तराखंड पहला साझेदार राज्य

    3. 150 स्टॉल पर हस्तशिल्प, 20 फूड कोर्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी

    राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का परेड ग्राउंड शनिवार से देश के कोने-कोने की लोक संस्कृति, अद्भुत हस्तशिल्प और लजीज व्यंजनों की खुशबू से सराबोर होने जा रहा है।

    भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ओर से उत्तराखंड सरकार के सहयोग से 11 से 15 जुलाई तक 'लोक संवर्धन पर्व' के छठे संस्करण का आयोजन किया जा रहा है।

    पांच दिवसीय इस महोत्सव का भव्य उद्घाटन केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास सहित केंद्र व राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। यह महोत्सव आम जनता के लिए पूरी तरह से निश्शुल्क (फ्री एंट्री) रहेगा।

    उत्तराखंड के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि

    देहरादून में आयोजित हो रहा यह संस्करण देश के लिए एक मिसाल है। यह पहली बार है जब लोक संवर्धन पर्व का आयोजन किसी राज्य सरकार के सहयोग से किया जा रहा है। उत्तराखंड, 'प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास)' योजना के अंतर्गत इस प्रमुख आयोजन के लिए केंद्र के साथ साझेदारी करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।

    • वर्ष 2024 में शुरुआत के बाद से अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने अब तक इसके 5 सफल संस्करण आयोजित किए हैं, जिनसे 550 से अधिक कारीगरों को सीधा लाभ मिला है।

    150 स्टॉल पर दिखेगी कला

    महोत्सव में देशभर की पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा और विरासत शिल्प को प्रदर्शित करने वाले करीब 150 स्टॉल लगाए जाएंगे।

    • स्थानीय हुनर को मंच: इनमें से लगभग 40 प्रतिशत स्टॉल विशेष रूप से उत्तराखंड की समृद्ध कला एवं शिल्प पर आधारित होंगे, जिससे स्थानीय कारीगरों को बड़ा बाजार मिलेगा।
    • देशभर का रंग: इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के हस्तशिल्प, अजरख ब्लॉक प्रिंटिंग, लाख की चूड़ियां, लकड़ी व पीतल की कलाकृतियां, टेराकोटा, बेंत एवं बांस के उत्पादों सहित कई राज्यों की पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन होगा।
    • 20 फूड स्टॉल: आगंतुकों के लिए गढ़वाली, कुमाऊँनी, राजस्थानी, महाराष्ट्रीयन और लखनवी सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों का 'फूड कोर्ट' भी सजेगा।

    डिजिटल मार्केटिंग के गुर सीखेंगे कारीगर

    महोत्सव में केवल खरीदारी ही नहीं होगी, बल्कि मास्टर कारीगरों द्वारा लाइव शिल्प प्रदर्शन (लाइव डेमो) भी दिखाया जाएगा।

    इसके अलावा कारीगरों और उद्यमियों के लिए विशेष रूप से 'उद्यमिता एवं डिजिटल मार्केटिंग' सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि वे अपने उत्पादों को ऑनलाइन बेचना और व्यापार बढ़ाना सीख सकें। इसके साथ ही खरीदार-विक्रेता संवाद का भी आयोजन होगा।

    परमिश वर्मा और तलत अजीज बिखेरेंगे जलवा

    पांचों दिन शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति के साथ-साथ देश के नामचीन कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।

    • उद्घाटन दिवस (11 जुलाई): सुप्रसिद्ध गजल गायक तलत अजीज अपनी मखमली आवाज से शाम को यादगार बनाएंगे।
    • आगामी दिनों के मुख्य आकर्षण: सूफी गायिका ज्योति नूरां, पंजाबी गायक परमिश वर्मा, उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकार किशन महिपाल, माया उपाध्याय, विवेक नौटियाल और उत्तराखंड का सुप्रसिद्ध लोक बैंड 'पांडवाज' अपनी प्रस्तुतियों से धमाल मचाएंगे।

    कार्यक्रम का समय

    अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने दूनवासियों, पर्यटकों और शिल्प प्रेमियों से अपील की है कि 11 से 15 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक परेड ग्राउंड पहुंचकर भारत की इस अनूठी विरासत और कला का आनंद उठाएं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- 'उत्तराखंड की विकास यात्रा में सहयोगी बनें कॉरपोरेट समूह', CSR डायलॉग में सीएम धामी की उद्योग जगत से अपील

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में पर्यटन की बढ़ेगी रफ्तार, इस रोपवे प्रोजेक्ट पर सीएम धामी का खास फोकस; जल्द शुरू करने के निर्देश