CM धामी ने की घोषणा, टिहरी के मदन नेगी में खुलेगा नया केंद्रीय विद्यालय, स्थानीय बच्चों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
केंद्रीय विद्यालय संगठन ने टिहरी के मदन नेगी में नया केंद्रीय विद्यालय स्वीकृत किया है, जो 2026-27 सत्र से शुरू होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ...और पढ़ें

सीएम पुष्कर सिंह धामी। जागरण
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से टिहरी जनपद के मदन नेगी में नए केंद्रीय विद्यालय को स्वीकृति प्रदान की गई है, जो सिविल सेक्टर के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रारंभ होगा। पुष्कर सिंह धामी ने मदन नेगी क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी मिलने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विद्यालय के खुलने से मदन नेगी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे क्षेत्र के शैक्षिक ढांचे को मजबूती मिलेगी और अभिभावकों को भी अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही हैं।
नए केंद्रीय विद्यालय में प्रारंभिक चरण में कक्षा एक से पांच तक पढ़ाई शुरू की जाएगी, जिसमें प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन होगा। आवश्यकता और स्वीकृति के अनुसार भविष्य में कक्षाओं का विस्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Delhi-Dehradun Greenfield Highway के उद्घाटन की तैयारी, PM के आगमन से पूर्व निरीक्षण को आ सकते हैं CM योगी आदित्यनाथ
प्रवेश प्रक्रिया सभी औपचारिकताएं पूरी होने के 30 दिनों के भीतर शुरू कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि यह निर्णय भारत सरकार की उस योजना का हिस्सा है, जिसके तहत देशभर में 85 नए केंद्रीय विद्यालय खोले जा रहे हैं। मदन नेगी का विद्यालय भी इसी योजना में शामिल है।