Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मसूरी में हरियाणा के पर्यटकों की गुंडागर्दी: कार टकराने पर व्यक्ति का दूध की क्रेट से सिर फोड़ा, वीडियो वायरल

    Updated: Tue, 30 Jun 2026 05:54 PM (IST)

    मसूरी के मालरोड पर हरियाणा से आए पर्यटकों ने एक स्थानीय व्यक्ति की कार को टक्कर मारने के बाद विवाद में दूध की क्रेट से हमला कर उसे घायल कर दिया। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. मसूरी मालरोड पर हरियाणा के पर्यटकों का उत्पात

    2. कार टकराने पर स्थानीय व्यक्ति पर क्रेट से हमला

    3. पर्यटक गिरफ्तार, गुरुग्राम निवासी नीरज राघव की पहचान

    संवाद सहयोगी, मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी के मुख्य मालरोड पर हरियाणा से आए पर्यटकों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है।

    मालरोड के मध्य कुलड़ी क्षेत्र में पर्यटकों ने पहले तो स्थानीय लोगों की कार को टक्कर मारी और जब उन्हें टोका गया, तो उन्होंने बीच सड़क पर जमकर उत्पाद मचाया।

    पर्यटकों ने एक स्थानीय व्यक्ति के सिर पर दूध की क्रेट से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

    क्रेट से किया हमला

    वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पर्यटकों की स्थानीय लोगों के साथ तीखी बहस हो रही है। इसी बीच गुस्साए पर्यटकों ने पास ही रखी दूध की प्लास्टिक क्रेट उठाकर एक व्यक्ति के सिर पर दे मारी, जिससे उसके सिर पर चोट आई। घटना के बाद मालरोड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।

    सूचना पर दौड़ी पुलिस

    मसूरी कोतवाली पुलिस के अनुसार, रविवार रात कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि बाटा शोरूम के पास कुछ पर्यटक और स्थानीय लोग सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है। सूचना मिलते ही चीता मोबाइल और रात्रि ड्यूटी अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।

    गुरुग्राम का हुड़दंगी गिरफ्तार

    पुलिस ने मौके पर हंगामा कर रहे और शांति व्यवस्था भंग कर रहे हुड़दंगियों में से एक मुख्य आरोपित को हिरासत में ले लिया।

    • गिरफ्तार अभियुक्त: नीरज राघव (36 वर्ष), पुत्र रामनाथ सिंह, निवासी- बड़ा गांव सिकंदरपुर, तहसील मानेसर, सेक्टर-86, गुरुग्राम (हरियाणा)।

    पुलिस की कार्रवाई

    पुलिस ने आरोपित नीरज राघव का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद लोक व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत चालान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

    सोमवार को आरोपित को कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई। इसके साथ ही पर्यटकों की कार का भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भारी चालान काटा गया है।

    यह भी पढ़ें- प्रयागराज में दबंगों ने पीएसी के बाढ़ राहत शिविर को उखाड़ा, विरोध करने पर जवानों से मारपीट व नाव में तोड़फोड़ की

    खबरें और भी