मसूरी मालरोड पर हुड़दंग मचाना पड़ा महंगा, तीन युवकों पर पुलिस का शिकंजा
मसूरी के मालरोड पर यातायात नियमों का उल्लंघन कर हुड़दंग मचा रहे गुरुग्राम के तीन युवकों पर पुलिस ने कार्रवाई की। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
मसूरी मालरोड पर तीन युवकों ने मचाया हुड़दंग
चलती गाड़ी से बाहर निकलकर सड़क पर किया डांस
पुलिस ने तीनों युवकों पर की वैधानिक कार्रवाई
संवाद सहयोगी, मसूरी। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि मसूरी व्यू प्वाइंट मालरोड के पास एक स्कार्पियो वाहन में कुछ युवक यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
वाहन में दो युवक चलती गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकलकर छत पर बैठे थे, जबकि उनका एक साथी बीच सड़क पर नाचकर हुड़दंग कर रहा था। इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत से मार्ग पर आवागमन बाधित हो रहा था।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मसूरी ने चौकी लाइब्रेरी पुलिस को मौके पर भेजा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को रुकवाया और तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस ने वरुण राघव, जतिन कुमार व अमन राठी तीनों निवासी गुरुग्राम हरियाणा के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस अधिनियम एवं मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की और उन्हें भविष्य में ऐसी हरकतें न करने की चेतावनी दी।
पुलिस ने मसूरी आने वाले सभी पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अनुरोध किया कि वे यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी या यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- मसूरी में हरियाणा के पर्यटकों की गुंडागर्दी: कार टकराने पर व्यक्ति का दूध की क्रेट से सिर फोड़ा, वीडियो वायरल
यह भी पढ़ें- घर से 50 हजार लेकर आत्महत्या करने मसूरी पहुंचा था राजस्थान का युवक, पुलिस ने खाई से निकालकर दी नई जिंदगी