Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    New Year पर बना रहे हैं घूमने का प्लान? चले आएं ऋषिकेश; होटल व कैंपों में की गई है विशेष तैयारी

    Updated: Tue, 23 Dec 2025 05:37 PM (GMT+05:30)

    क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए ऋषिकेश में पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। तपोवन और शिवपुरी के होटल और कैंपों में एडवांस बुकिंग तेजी से हो रही है। होटल ...और पढ़ें

    प्राकृतिक सौंदर्य के बीच बसा पर्यटन स्थल ऋषिकेश।

    प्राकृतिक सौंदर्य के बीच बसा पर्यटन स्थल ऋषिकेश।

    HighLights

    1. ऋषिकेश, मुनिकीरेती, तपोवन, शिवपुरी व लक्ष्मणझूला में हर साल नव वर्ष मनाने पहुंचते हैं बड़ी संख्या में पर्यटक

    2. होटल व कैंपों में पर्यटकों के आतिथ्य सत्कार के लिए म्यूजिक एंड डांस, सांस्कृतिक व मनोरंजन आयोजन होंगे खास 

    3. तपोवन में प्रमुख होटलों में 60 प्रतिशत से अधिक एडवांस बुकिंग हुई, अन्य क्षेत्रों के होटल-कैंपों में भी बुकिंग में तेजी दर्ज

    जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: क्रिसमस-डे व नव वर्ष के लिए काउंट डाउन शुरू हो चुका है। ऐसे में नैसर्गिक सौंदर्य के लिए लोकप्रिय हिल स्टेशन ऋषिकेश में क्रिसमस-डे व नव वर्ष मनाने को लेकर देशभर के पर्यटक खासा उत्साहित हैं।

    यही कारण है कि ऋषिकेश हिल स्टेशन के तपोवन, शिवपुरी लक्ष्मणझूला आदि क्षेत्रों में होटल व कैंपों में एडवांस बुकिंग में तेजी आने लगी है। वहीं, होटल व कैंपों में आतिथ्य सत्कार व नव वर्ष को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारी की जा रही है।

    हर साल कई हजारों की संख्या में देशभर से पर्यटक ऋषिकेश हिल स्टेशन नव वर्ष मनाने पहुंचते हैं। प्राकृतिक सौंदर्य के बीच नव वर्ष का जश्न खास होता है। होटल व कैंपों में भी क्रिसमस-डे व नव वर्ष को यादगार बनाने के लिए म्यूजिक एंड डांस, सांस्कृतिक संध्या व मनोरंजन से जुड़े कई खास इंतजाम किए जाते हैं।

    पर्यटकों को ऋषिकेश से लगे शिवपुरी, नीर गांव, मोहन चट्टी में कैंपिंग का आनंद लेना भी बेहद भाता है। वहीं, ऋषिकेश, मुनिकीरेती, तपोवन, शिवपुरी व लक्ष्मणझूला के होटल व कैंपों में ए़डवांस बुकिंग में लगातार इजाफा हो रहा है।

    नव वर्ष के लिए सर्वाधिक बुकिंग तपोवन व शिवपुरी के प्रमुख होटलों में 60 से 80 प्रतिशत तक है। तपोवन के कई प्रमुख होटल फुल भी हो चुके हैं। हालांकि, क्रिसमस-डे के लिए बुकिंग कम हैं। लक्ष्मणझूला में वर्तमान में बुकिंग कम है, लेकिन आने वाले दिनों में बढ़ने की पूरी संभावना है।

    लक्ष्मणझूला (पौड़ी) में करीब 150 होटल व 80 से ज्यादा कैंपिंग हैं। यहां नव वर्ष के लिए अभी करीब 40 प्रतिशत बुकिंग ही आई है। हालांकि, होटल कारोबारियों को आने वाले दिनों में बुकिंग में इजाफा होने की उम्मीद है। हमारी पुलिस प्रशासन से मांग है कि तपोवन-गरुड़ चट्टी से होते हुए लक्ष्मणझूला आने वाले पर्यटक वाहनों को पुलिस कडिया काटल बैरियर पर ना रोका जाए। इससे पर्यटक स्थानीय होटल की बुकिंग निरस्त कर हरिद्वार का रूख करते हैं।

    उदय सिंह नेगी, सचिव, लक्ष्मणझूला होटल एसोसिएशन।

    खास हिल स्टेशन है ऋषिकेश

    • गंगा तट पर बसा ऋषिकेश पहाड़ी व वन क्षेत्र से संपन्न है। यहां प्राकृतिक सौंदर्य के दर्शन होते हैं।
    • ऋषिकेश भौगोलिक एवं प्रशासनिक संरचना की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। ऋषिकेश हिल स्टेशन के अंतर्गत टिहरी जिले के तपोवन, शिवपुरी व पौड़ी जिले का लक्ष्मणझूला आदि क्षेत्र भी आते हैं। सभी प्रमुख क्षेत्र ऋषिकेश से दस से 25 किलोमीटर की दूरी में हैं।
    • ऋषिकेश ऐसा हिल स्टेशन है जो पर्वतीय हिल स्टेशनों में सबसे पहले पड़ता है। इसलिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा व अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटकों को यहां पहुंचने में कम समय लगता है।
    • यह हिल स्टेशन योग, ध्यान व पंचकर्म सेवा के पसंदीदा पर्यटकों लिए पहली पसंद है।
    • यहां स्वर्गाश्रम में परमार्थ निकेतन, गीता भवन, गीता आश्रम, मुनिकीरेती में दयानंद आश्रम, मधुबन आश्रम, श्री शत्रुघ्न मंदिर, ऋषिकेश में पौराणिक श्री वीरभद्र, श्री सोमेश्वर व श्री चंद्रेश्वर महादेव मंदिर हैं। अध्यात्म प्रेमियों को यह स्थान आकर्षित करता है।

    यातायात प्रबंधन भी बनेगा चुनौती

    क्रिसमस-डे व नव वर्ष पर ऋषिकेश, मुनिकीरेती, तपोवन, शिवपुरी व लक्ष्मणझूला आदि क्षेत्रों में पर्यटकों का भारी दबाव रहने की संभावना है, जिसके चलते भीषण जाम की आशंका भी रहेगी। ऐसे में यातायात प्रबंधन भी ऋषिकेश (देहरादून), मुनिकीरेती (टिहरी) व लक्ष्मणझूला (पौड़ी) पुलिस के लिए चुनौती रहेगा।

    हालांकि, तीनों जिलों की पुलिस आपसी समन्वय पर जोर देने की बात कर रही है। विशेषकर नव वर्ष के लिए शहर में ट्रैफिक प्लान बनाने में जुटी है। वहीं, तीनों जिलों का पुलिस प्रशासन हिल स्टेशन क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन व सुरक्षा लेकर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की योजना बना रहे हैं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के इस टूरिस्ट डेस्टिनेशन को कहते हैं 'छिपा हुआ हीरा', जहां सूर्योदय-सूर्यास्त बनाते हैं स्वर्ग जैसा नजारा

    यह भी पढ़ें- गुलाबी सर्दी के लिए सज-धजकर तैयार पहाड़ों की रानी मसूरी, 24 से 29 दिसंबर तक होंगे विंटरलाइन कार्निवाल

    यह भी पढ़ें- Christmas & New Year Celebration को चकराता तैयार… 60% बुकिंग फुल, पर्यटकों के लिए बोनफायर व कैंपिंग का इंतजाम