Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर निहंगों का हंगामा: देहरादून पुलिस ने सीमा की सील, 48 घंटे का अल्टीमेटम

    Updated: Fri, 26 Jun 2026 06:33 PM (IST)

    कर्णप्रयाग में पार्किंग विवाद के बाद पंजाब से आए निहंगों ने उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर हंगामा किया। देहरादून पुलिस ने सीमा सील कर दी है। ...और पढ़ें

    हिमाचल-उत्तराखंड की पांवटा साहिब-कुल्हाल सीमा पर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण करते देहरादून के डीएम-एसएसपी।

    हिमाचल-उत्तराखंड की पांवटा साहिब-कुल्हाल सीमा पर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण करते देहरादून के डीएम-एसएसपी।

    HighLights

    1. कर्णप्रयाग विवाद के बाद निहंगों का सीमा पर हंगामा

    2. देहरादून पुलिस ने उत्तराखंड-हिमाचल सीमा को किया सील

    3. निहंगों ने उत्तराखंड सरकार को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम

    जागरण संवाददाता, देहरादून। कर्णप्रयाग में पार्किंग को लेकर निहंगों व स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद को लेकर शुक्रवार को भी पूरा दिन पंजाब से पहुंचे करीब 200 निहंगों के जत्थों ने उत्तराखंड-हिमाचल की सीमा पर जमकर हंगामा किया।

    हिमाचल-उत्तराखंड की पांवटा साहिब-कुल्हाल सीमा से देहरादून में प्रवेश की कोशिश कर रहे निहंग सिखों को लेकर शुक्रवार को भी पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा व सीमा सील कर दी।

    देर शाम देहरादून जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल एवं पांवटा प्रशासन की मौजूदगी में पांवटा गुरुद्वारा में करीब तीन घंटे तक चली कई दौर की वार्ता में निहंगों की ओर से चार मांगें रखी गई।

    जिसमें कर्णप्रयाग में गिरफ्तार निहंगों की रिहाई व मुकदमा दर्ज करने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग पर वह अड़े हुए हैं। उन्होंने उत्तराखंड सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। तक तब पांवटा गुरुद्वारा में रुकने की बात कही है।

    गत 16 जून को हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे चार निहंगों का पार्किंग को लेकर स्थानीय होटल संचालक से विवाद हो गया था। आरोप था कि निहंगों ने हथियारों ने स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें चार लोग जख्मी हो गए थे।

    पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चारों निहंगों को गिरफ्तार कर लिया था। प्रकरण को लेकर पंजाब के निहंग आक्रोशित हैं और उन्होंने उत्तराखंड कूच का ऐलान किया था।

    गुरुवार को वह पांवटा साहिब पहुंचे व पूरा दिन कुल्हाल सीमा पर हंगामा किया, लेकिन देर रात पुलिस को चकमा देकर वह देहरादून में घुस गए और शहर में देर रात तक पुलिस नाकेबंदी कर उनकी तलाश करती रही। हालांकि, देर रात करीब ढाई बजे पुलिस ने सभी निहंगों को पकड़कर पांवटा सीमा तक छोड़ दिया था।

    शुक्रवार सुबह निहंग फिर दून में प्रवेश करने के लिए अड़ गए और पुलिस ने सीमा को सील कर दिया। जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने सीमा पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

    उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

    खबरें और भी

    तीन घंटे चली वार्ता रही बेनतीजा

    पांवटा गुरुद्वारा में दोनों राज्यों के पुलिस-प्रशासन के साथ निहंगों की करीब तीन घंटे की वार्ता बेनतीजा रही।निहंगों ने गिरफ्तार चारों निहंगों की तत्काल रिहाई, घायल निहंंग के बेहतर उपचार, मुकदमा दर्ज करने वाले व लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांगें रखी हैं।

    जिस पर देहरादून पुलिस-प्रशासन ने दो दिन का समय मांगा। निहंगों ने प्रशासन को यह समय देते हुए अल्टीमेटम दिया कि यदि मांग पूरी न हुई तो रविवार शाम को वह उत्तराखंड की सीमा में बैरियर तोड़कर घुस जाएंगे।

    पांच प्रतिनिधियों को कर्णप्रयाग जाने की अनुमति

    उत्तराखंड सरकार ने निहंगों की मांग पर पांच निहंग प्रतिनिधियों को कर्णप्रयाग जाकर गिरफ्तार निहंगों से मिलने की अनुमति दे दी है।

    बता दें कि, घटना में पुलिस ने चारों निहंगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से तीन चमोली जिला कारगार में न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि एक घायल निहंग का पुलिस अभिरक्षा में ऋषिकेश एम्स में उपचार चल रहा है। निहंगों के प्रतिनिधिमंडल ने घायल से मिलने की भी मांग रखी है।

    जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर है। सीमा क्षेत्र सहित सभी संभावित प्रवेश मार्गों पर प्रभावी नाकेबंदी की गई है। यदि कोई भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। -डा. आशीष चौहान, जिलाधिकारी

    यह भी पढ़ें- पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़ निहंग उत्तराखंड में घुसे, देहरादून में आधी रात को DM-SSP ने खुद संभाला मोर्चा

    यह भी पढ़ें- समझौते की बात या रणनीति... उलझन में रही पुलिस, कर्णप्रयाग जाने की मांगते रहे परमिशन, रात होते ही उत्तराखंड की ओर बढ़े निहंग