विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जौलीग्रांट हवाई अड्डे के नामकरण पर उत्तराखंड में गरमाई सियासत

By Edited By:
Published: Mon, 26 Nov 2018 03:00 AM (IST)Updated: Tue, 27 Nov 2018 08:16 AM (IST)

जौलीग्रांट हवाई अड्डे का नाम भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने के फैसले को ...और पढ़ें

जौलीग्रांट हवाई अड्डे के नामकरण पर उत्तराखंड में गरमाई सियासत
जौलीग्रांट हवाई अड्डे के नामकरण पर उत्तराखंड में गरमाई सियासत

देहरादून, राज्य ब्यूरो। देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे का नाम भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने के राज्य मंत्रिमंडल के फैसले को लेकर सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इस पर आपत्ति जताई है। 

कांग्रेस का कहना है कि कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल में इस हवाई अड्डे का नामकरण आद्यगुरु शंकराचार्य के नाम पर करने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था, मगर इसे तवज्जो नहीं दी गई। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोशल मीडिया में सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार का यह फैसला भाजपा के हित में हो सकता है, लेकिन क्या राज्यहित में है। 

उधर, भाजपा ने भी कांग्रेस पर पलटवार किया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि विपक्ष गैरजिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहा है। कांग्रेस के कार्यकाल में ऐसा कोई प्रस्ताव लाया ही नहीं गया था। यह किसी से छिपा नहीं है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। उनके ही कार्यकाल में उत्तराखंड अस्तित्व में आया और फिर राज्य को विशेष श्रेणी का दर्जा देते हुए औद्योगिक पैकेज भी मिला। सियासी नजरिये से सभी दलों ने उनकी इस पहल को सिर आंखों पर बैठाया। 

पूर्व प्रधानमंत्री के निधन के बाद उनकी अस्थियों का विसर्जन हरिद्वार के साथ ही राज्य के विभिन्न स्थानों पर हुआ। इस सबके मद्देनजर प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी के नाम पर विभिन्न स्थलों के नामकरण के साथ ही योजनाएं संचालित करने की तैयारी की है। 

इस कड़ी में सरकार ने जौलीग्रांट हवाई अड्डे का नाम स्व. वाजपेयी के नाम पर रखने का फैसला लिया। अब इस फैसले पर कांग्रेस ने आपत्ति जता दी है। जाहिर है कि इसके बाद इसे लेकर सियासत भी तेज हो गई है, जिसके आने वाले दिनों में और गर्माने के आसार हैं। 

जनता के हित में हो सकता है फैसला, लेकिन राज्य हित में नहीं 

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि जौलीग्रांट एयरपोर्ट का नाम आद्यगुरु शंकराचार्य के नाम पर करने का हमने फैसला किया था और केंद्र को प्रस्ताव भी भेजा। अब मौजूदा सरकार ने फैसला कर दिया है कि इसका नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर होगा। 

उन्होंने कहा कि हम स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का सम्मान करते हैं, मगर जगदगुरु शंकराचार्य अपने स्थान पर हैं। हम देवभूमि और धार्मिक पर्यटन की बात करते हैं। जरा विचार करिए कि राज्य सरकार का यह फैसला भाजपा के हित में हो सकता है, मगर क्या ये राज्य के हित में है।

गैरजिम्मेदेराना बयानबाजी कर रहा है विपक्ष  

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के अनुसार प्रदेश में निकाय चुनावों में मिली हार से विपक्ष आहत है और उसे कोई मुद्दा नहीं मिल रहा। इसीलिए जौलीग्रांट हवाई अड्डे के बारे में विपक्ष गैरजिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहा है। जहां तक कांग्रेस के दावे का सवाल है तो कांग्रेस की ओर से जौलीग्रांट हवाई अड्डे का नामकरण आद्यगुरू शंकराचार्य के नाम पर करने का कोई प्रस्ताव लाया ही नहीं गया था। 

इस मामले में कांग्रेस जनता को भ्रमित कर रही है। प्रदेश सरकार की ओर से जौलीग्रांट हवाई अड्डे का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने का प्रस्ताव केंद्र को भेज दिया गया है। 

यह भी पढ़ें: मदन कौशिक बोले, बिना किसी भेदभाव के निकायों को बनाएंगे सशक्त

यह भी पढ़ें: बैठक को गंभीरता से न लेना पंचायत प्रतिनिधियों को पड़ेगा भारी, होगी ये कार्रवार्इ

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र चार दिसंबर से होगा शुरू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।