देहरादून में देर रात हुई आफत की बारिश, मन्नूगंज में नाले का पानी घरों में घुसा
देहरादून में हुई तेज बारिश से गर्मी से राहत मिली, लेकिन मन्नूगंज क्षेत्र में परेशानी बढ़ गई। देर रात हुई बारिश के कारण नाले का पानी घरों में घुस गया। ...और पढ़ें
HighLights
तेज बारिश से देहरादून के मन्नूगंज में नाला उफान पर
नाले का पानी घरों में घुसा, गंदगी और कूड़ा फैला
नगर निगम ने जेसीबी से नाला साफ कर सफाई की
जागरण संवाददाता, देहरादून। लंबे समय बाद रविवार को दून में हुई तेज बारिश ने जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दिलाई और मौसम में ठंडक लौटा दी, वहीं दूसरी ओर शहर के कुछ इलाकों में परेशानी भी बढ़ा दी। देर रात हुई बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
दून शहर के मन्नूगंज क्षेत्र में नाले में अचानक भारी मात्रा में पानी आ गया। नाले के उफान पर आने के कारण यहां निर्माणाधीन पुलिया के मलबे से पानी का प्रवाह बाधित हो गया, जिससे नाले की गंदगी आसपास की बस्ती और घरों में घुस गई।

इसके चलते गलियों और नालियों का कूड़ा-कचरा भी घरों तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। नगर निगम कर्मियों ने जेसीबी मशीन की मदद से नाले को खुलवाया और आसपास सफाई अभियान चलाया।

संभावित बारिश को देखते हुए एहतियात के तौर पर जेसीबी मशीन को वहीं तैनात कर दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें- देहरादून में शाम को बदला मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ हुई बारिश