Raksha Bandhan 2026: देहरादून में रक्षाबंधन की धूम, देखिए क्या है राखी बांधने का शुभ मुहूर्त?
शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व भद्रा रहित शुभ मुहूर्त में मनाया जाएगा, जिसमें बहनें दिनभर भाई की कलाई पर राखी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
शुक्रवार को भद्रा रहित शुभ मुहूर्त में रक्षाबंधन मनाया जाएगा
राखी बांधने का शुभ मुहूर्त सुबह 5:57 से 9:48 बजे तक
देहरादून के बाजारों में राखी, मिठाई और गिफ्ट की खूब खरीदारी
जागरण संवाददाता, देहरादून। आस्था, विश्वास, शक्ति, सामंजस्य, भाई-बहन का स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन शुक्रवार को मनाया जाएगा। भद्रा का साया नहीं होने के कारण दिनभर बहन भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांध सकेंगी। सुबह पांच बजकर 57 से नौ बजकर 48 बजे तक राखी बांधने का बेहद शुभ मुहूर्त रहेगा।
इस दिन बहन भाई की कलाई में रक्षासूत्र बांधेंगी, भाई बहन की रक्षा व जीवनभर साथ देने का वचन देंगे। वहीं, देर शाम को राखियों से लेकर गिफ्ट आइटम व मिठाई की दुकानों पर खूब खरीदारी की।
सुबह पांच बजकर 57 से नौ बजकर 48 बजे तक रहेगा उत्तम मुहूर्त
सावन के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को भाई-बहन के पवित्र रिश्ते में प्यार व दुलार भरने वाला दिन रक्षाबंधन मनाया जाता है। इस दिन बहन भाई की लंबी उम्र की कामना करते हुए स्नेह व प्रेम का सूत्र बांधती है। आचार्य डा. सुशांत राज बताते हैं कि रक्षा के इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई उन्हें जीवनभर रक्षा का वचन देते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार भद्रा का साया नहीं रहेगा।
बाजार में उमड़े खरीदार, दुकानदारों के खिले चेहरे
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर गिफ्ट आइटम से सजे बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही। दुकानदारों ने हर वर्ग व उम्र को लेकर गिफ्ट पैक तैयार किए। पलटन बाजार, करनपुर बाजार, प्रेमनगर, राजपुर रोड समेत विभिन्न क्षेत्रों में प्यारा भैया, मेरा भाई, ग्रीटिंग कार्ड, राखी कार्ड, टेडी, बर्दर-सिस्टर गिफ्ट के अलावा रुद्राक्ष, धागे समेत विभिन्न डिजाइन वाली राखियों की खास मांग रही। दुकानदारों ने हर उम्र व हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए गिफ्ट हैंपर तैयार किए।
मेहंदी लगाने का भी दिखा क्रेज
पलटन बाजार, झंडा चौक, पटेलनगर, प्रेमनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में देर शाम तक मेहंदी लगाने को भीड़ उमड़ी। मेहंदी लगाने के लिए इंतजार करते रहे। थ्री डी मेहंदी की सबसे अधिक मांग रही।
मिठाई व चॉकलेट की खूब हुई खरीदारी
भाइयोें का मुंह मीठा करने के लिए मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ खूब उमड़ी। दुकानदारों की माने तो रक्षाबंधन पर घेवर के साथ रसगुल्ला, रसमलाई, काजू कतली की सर्वाधिक मांग रहती है। दुकानों में थ्री इन वन बाक्स में सजी मिठाई को भी लोग पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा बाजार में विभिन्न कंपनियों के पैक्ड मिठाई व चॉकलेट की भी खरीदारी की।
यह भी पढ़ें- Raksha Bandhan 2026: घेवर और सूतफैनी से सजेगा मिठास का त्योहार, ब्रज की ये मिठाइयां हैं खास
ज्वेलरी की दुकानों पर पर चांदी की राखी खरदीने का क्रेज
ज्वेलरी बाजार भी राखियों से गुलजार रहे। बीते कुछ दिनों से सोना चांदी के दाम में बढ़ोतरी के बाद भी लोगों में क्रेज खास दिखा। लोगों ने ब्रेसलेट वाली राखियां और नाम प्रिंट वाली राखियां खरीदी। इसके अलावा चांदी की डायल वाली घड़ी, तिलक के लिए स्पेशल थाली, ब्रेसलेट, चांदी की राखियों का भी क्रेज अधिक रहा। दुकानदारों ने भी हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए राखियां सजाई।
