उत्तराखंड में इस बार 'ठंडा' रहा ग्रीष्मकाल, सामान्य से 27% अधिक वर्षा दर्ज
उत्तराखंड में इस बार ग्रीष्मकाल सामान्य से 27% अधिक वर्षा के साथ 'ठंडा' रहा, मई में भी 50% अधिक बारिश हुई। ...और पढ़ें

बीते दिनों में देहरादून में हुई थी झमाझम बारिश।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
विजय जोशी, देहरादून। उत्तराखंड में इस बार ग्रीष्मकाल 'ठंडा' रहा। नियमित अंतराल में हुई वर्षा ने पूरे सीजन में चंद दिन ही गर्मी का एहसास होने दिया।
तीन माह के इस सीजन में प्रदेश में औसत वर्षा सामान्य से 27 प्रतिशत अधिक हुई। इसमें चंपावत और टिहरी में सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई।
मई में भी इंद्रदेव खासे मेहरबान रहे, इस पूरे माह सामान्य से 50 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। अब एक जून से मानसून सीजन माना जाता है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी जनपदवार वर्षा आंकड़ों के अनुसार राज्य में मई 2026 के दौरान 96.7 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई, जबकि सामान्य वर्षा 64.7 मिमी मानी जाती है।
इस प्रकार प्रदेश में मई में सामान्य से 50 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज हुई। जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें, तो अधिकांश जनपदों में सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई। सबसे अधिक वर्षा चंपावत में दर्ज की गई, जहां सामान्य से 160 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई।
वहीं, अल्मोड़ा, टिहरी, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर और पौड़ी में भी सामान्य से 100 प्रतिशत से अधिक वर्षा रिकार्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, एक मार्च से 31 मई तक ग्रीष्मकालीन मौसम में प्रदेश में 202 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 158 मिमी मानी जाती है।
इस प्रकार पूरे ग्रीष्मकाल में प्रदेश में 27 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकार्ड की गई है। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता और प्री-मानसून गतिविधियों के कारण इस वर्ष मार्च से मई के दौरान वर्षा सामान्य से अधिक रही।
इससे पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान अपेक्षाकृत नियंत्रित रहा। हालांकि, कई स्थानों पर तेज आंधी, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार एक जून से मानसून सीजन की शुरुआत मानी जाती है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तराखंड पहुंचने से पहले होने वाली वर्षा को प्री-मानसून शावर कहा जाता है। वर्तमान में प्रदेश में हो रही अधिकांश वर्षा इसी श्रेणी में आती है।
खबरें और भी
- जिला, वास्तविक वर्षा, सामान्य वर्षा, अंतर
- चंपावत, 133.4, 51.2, 160
- टिहरी गढ़वाल, 121.5, 50.1, 142
- ऊधमसिंह नगर, 88.2, 37.1, 138
- अल्मोड़ा, 115.4, 50.3, 129
- बागेश्वर, 108.3, 50.3, 115
- पौड़ी गढ़वाल, 71.5, 33.3, 115
- देहरादून, 108.3, 56.9, 90
- हरिद्वार, 42.9, 28.6, 50
- नैनीताल, 108.1, 72.2, 50
- चमोली, 84.1, 64.0, 31
- पिथौरागढ़, 123.3, 113.1, 09
- रुद्रप्रयाग, 113.1, 105.7, 07
- उत्तरकाशी, 73.8, 70.4, 05
- औसत, 96.7, 64.7, 50
- (वर्षा मिलीमीटर में और अंतर प्रतिशत में है।)
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बदला मौसम: देहरादून में बारिश का 86 साल का नया रिकार्ड बना, आज ओलावृष्टि की चेतावनी