Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    क्रिकेटर ऋषभ पंत बने उत्तराखंड के सबसे बड़े टैक्सपेयर, भरा 23.84 करोड़ रुपये का टैक्स

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 08:54 PM (IST)

    ऋषभ पंत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 23.84 करोड़ रुपये आयकर जमा कर उत्तराखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत करदाता बने। ...और पढ़ें

    भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर एवं बल्लेबाज ऋषभ पंत की फोटो।

    भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर एवं बल्लेबाज ऋषभ पंत की फोटो।

    HighLights

    1. ऋषभ पंत उत्तराखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत आयकरदाता, ₹23.84 करोड़ टैक्स

    2. ONGC 13564 करोड़ रुपये के साथ शीर्ष कॉर्पोरेट करदाता घोषित

    3. 167वें आयकर दिवस पर देहरादून में शीर्ष करदाताओं का सम्मान

    जागरण संवाददाता, देहरादून। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर एवं बल्लेबाज ऋषभ पंत वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी उत्तराखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत आयकरदाता रहे।

    उन्होंने 23.84 करोड़ रुपये आयकर जमा कर प्रदेश में व्यक्तिगत श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, नान-कारपोरेट करदाताओं की सूची में वह चौथे स्थान पर रहे।

    दूसरी ओर कारपोरेट श्रेणी में ओएनजीसी ने 13564 करोड़ रुपये आयकर अदा कर प्रदेश का सबसे बड़ा करदाता बनने का गौरव हासिल किया।

    Top taxpayers honored on Income Tax Day

    यह जानकारी शुक्रवार को 167वें आयकर दिवस के अवसर पर ओएनजीसी सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में दी गई।

    समारोह में आयकर विभाग ने उत्तराखंड के शीर्ष कारपोरेट और नान-कारपोरेट करदाताओं को सम्मानित किया।

    कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कानपुर अपर्णा करण ने किया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कर अदा करने वाले नागरिक देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।

    करदाताओं के योगदान से ही आधारभूत संरचना, विकास योजनाएं और जनकल्याणकारी कार्यक्रम गति पकड़ते हैं। इसलिए ईमानदार करदाताओं का सम्मान करना समाज और राष्ट्र, दोनों के लिए प्रेरणादायक है।

    Income Tax Day

    प्रधान आयकर आयुक्त देहरादून सुनीता सिंह ने कहा कि करदाताओं व आयकर विभाग के बीच विश्वास और सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

    साथ ही युवाओं में कर भुगतान के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी समय की मांग है।

    समारोह को मुख्य आयकर आयुक्त डा. रेनुका जैन गुप्ता और शेफाली स्वरूप ने भी संबोधित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत विभागीय कर्मचारियों ने 'नोटिस पीरियड' नाटक की प्रस्तुति देकर दर्शकों की वाहवाही लूटी।

    इसके अलावा चित्रकला और कहानी लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। अंत में आयकर आयुक्त (अपील) एसके चटर्जी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

    उत्तराखंड के शीर्ष कारपोरेट करदाता

    • करदाता, आयकर (करोड़ रुपये)
    • ओएनजीसी, 13564
    • टीएचडीसी, 277
    • यूजेवीएनएल, 123
    • इंडिया ओप्टेल, 99
    • पिटकुल, 54

    उत्तराखंड के शीर्ष नान-कारपोरेट करदाता

    • करदाता, आयकर (करोड़ रुपये)
    • सिग्नेचर फाइटोकेमिकल्स इंडस्ट्रीज, 54.00
    • कैलाश रिवर बेड मिनरल, 40.74
    • उत्तरांचल ग्रामीण बैंक, 28.95
    • ऋषभ पंत, 23.84
    • एएलएफ इंजीनियरिंग कंपनी, 23.44

    यह भी पढ़ें- करदाताओं को ITR में दर्ज करना होगा सेकेंडरी एड्रेस, HRA के फर्जी दावों पर रोक लगाने को आयकर विभाग का नया कदम

    यह भी पढ़ें- राजस्थान: आयकरदाताओं ने भी भर दिए फ्री तीर्थ यात्रा के फॉर्म, गलत जानकारी देकर लाभ लेने वालों पर लगेगा जुर्माना