ऋषिकेश में 200 फीट गहरी खाई में गिरा पर्यटक, SDRF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
ऋषिकेश के नीर गुड्डू वाटरफॉल के पास दिल्ली का एक पर्यटक 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। सूचना पर एसडीआरएफ टीम ने तत्काल बचाव अभियान चलाया। ...और पढ़ें
-1775929875837_m.webp)
रेस्क्यू करती SDRF टीम
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। नीर गुड्डू वाटरफॉल क्षेत्र में दिल्ली के पर्यटक दल में शामिल सदस्य गहरी खाई में गिर गया। अभियान चला एसडीआरएफ टीम ने उसे बचा लिया। टिहरी जिले के कंट्रोल रूम में देर शाम किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के नीर गुड्डू वाटरफॉल में एक पर्यटक खाई में गिर गया है।
इंस्पेक्टर एसडीआरएफ कवींद्र सजवान ने बताया कि टीम ढालवाला से उपनिरीक्षक नरेंद्र राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान के लिए निकली। बताया कि मौके पर जानकारी मिली कि दिल्ली से 10 लोगों का एक समूह वाटरफॉल घूमने आया हुआ था।
देर शाम वाटरफॉल से लौटते समय समूह क्यार्की गांव के समीप सनसाइड व्यू प्वाइंट पर रुका हुआ था। इसी दौरान समूह का एक सदस्य प्रेम कुमार ठाकुर पुत्र अशोक कुमार ठाकुर उम्र 20 वर्ष, निवासी नई दिल्ली पैराफिट पर बैठा हुआ था। जिसका अचानक पैर फिसलने से वह लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया।
एसडीआरएफ टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने रोप एवं अन्य रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से गहरी खाई में उतरकर घायल व्यक्ति तक पहुंच बनाई और सुरक्षित तरीके से उसे बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद घायल व्यक्ति को तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।