Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रोशनाबाद-बिहारीगढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे: हरिद्वार में यातायात और पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार

    Updated: Fri, 26 Jun 2026 06:30 AM (IST)

    हरिद्वार में रोशनाबाद से बिहारीगढ़ तक 30.40 किमी लंबा नया फोरलेन ग्रीनफील्ड हाईवे बनेगा, जिस पर करीब 1250 करोड़ रुपये खर्च होंगे। ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    HighLights

    1. रोशनाबाद से बिहारीगढ़ तक 30.40 किमी नया हाईवे

    2. 1250 करोड़ की लागत से बनेगा फोरलेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर

    3. हरिद्वार में यातायात, पर्यटन और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

    अश्वनी त्रिपाठी, देहरादून। हरिद्वार में सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए रोशनाबाद से लेकर बिहारीगढ़ तक नए फोरलेन ग्रीनफील्ड हाईवे का निर्माण होने जा रहा है।

    लोक निर्माण विभाग इस 30.40 किलोमीटर लंबे हाईवे का निर्माण कराएगा। इस पर करीब 1250 करोड़ का खर्च आएगा।

    यह परियोजना न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति प्रदान करेगी।

    हरिद्वार उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक शहरों में शामिल है, जहां पूरे वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। विशेषकर कुंभ, कांवड़ यात्रा और बड़े स्नान पर्वों के दौरान यहां यातायात व्यवस्था पर अत्यधिक दबाव देखा जाता है।

    रोशनाबाद से कुर्कावाला होते हुए बिहारीगढ़ तक जाने के लिए राज्यमार्ग का प्रयोग करते हैं, लेकिन इसकी सीमित चौड़ाई व आबादी वाले क्षेत्रों से गुजरने के कारण यहां अक्सर लंबा जाम लग जाता है। ग्रीनफील्ड हाईवे की आवश्यकता महसूस कर इसके निर्माण की योजना पर काम शुरू किया गया है।

    नई भूमि पर विकसित होगा पूरा कारिडोर

    प्रस्तावित सड़क को ग्रीनफील्ड कारिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसका मतलब यह है कि यह मार्ग मौजूदा सड़क के विस्तार की बजाय नई भूमि पर तैयार किया जाएगा।

    इससे घनी आबादी वाले क्षेत्रों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और वाहनों की आवाजाही तेज तथा सुरक्षित बन सकेगी।

    यह हाइवे रोशनाबाद से शुरू होकर उत्तर प्रदेश सीमा के नजदीक स्थित बिहारीगढ़ क्षेत्र तक पहुंचेगा और पूरे हरिद्वार जिले के भीतर विकसित किया जाएगा।

    ऐसा होगा नया हाईवे

    • कुल लंबाई -30.40 किलोमीटर
    • सड़क चौड़ाई - 4 लेन
    • अनुमानित लागत -1250 करोड़
    • प्रमुख बड़े पुल - 9
    • अंडरपास -7
    • ग्रीनफील्ड कारिडोर आधारित निर्माण

    इन क्षेत्रों को मिलेगी राहत

    सड़क पर बनने वाले बड़े पुल विभिन्न नदियों और जलधाराओं को पार करने के लिए तैयार किए जाएंगे, जबकि अंडरपास स्थानीय यातायात और ग्रामीण संपर्क बनाए रखने में मदद करेंगे।

    वर्तमान सड़क मार्ग रोशनाबाद, औरंगाबाद, बुग्गावाला और तेलपुरा जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है। भारी वाहनों और तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण इन क्षेत्रों में लंबे समय से जाम की स्थिति बनी रहती है।

    नई सड़क बनने के बाद स्थानीय लोगों को रोजाना होने वाली ट्रैफिक समस्याओं से काफी राहत मिलने की संभावना है।

    नया हाईवे बनने से उद्योगों के लिए परिवहन व्यवस्था तेज हो सकेगी। वहीं कांवड़ यात्रा व कुंभ मेले के समय यह हाईवे वैकल्पिक कारिडोर का कार्य करेगा। परियोजना में विस्तृत सर्वेक्षण और डिजाइन के स्तर पर कार्य चल रहा है।
    --राजेश शर्मा, चीफ इंजीनियर, लोक निर्माण विभाग

    यह भी पढ़ें- केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट ने पकड़ी बुलेट जैसी रफ्तार, 13 किलोमीटर का सफर होगा सिर्फ 30 मिनट में

    यह भी पढ़ें- दिल्ली से बदरी-केदार सिर्फ 4.5 घंटे में, नमो भारत और पहाड़ की ट्रेन मिलकर बदलेंगी सफर की परिभाषा