सिलक्यारा टनल हादसा: CM धामी ने दिए जांच के आदेश, मृतक के पार्थिव शरीर को घर भेजने और तुरंत मुआवजे के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिलक्यारा टनल हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। ...और पढ़ें

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
HighLights
मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा टनल हादसे पर दुख व्यक्त किया
श्रमिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, सीएम धामी
मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा व सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार
राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन से बुधवार देर रात्रि सिलक्यारा टनल में थाटक्रीट का एक हिस्सा गिरने से हुए हादसे की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों की सुरक्षा के लिए प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सचिव ने एनएचआइडीसीएल एवं जिला प्रशासन से घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए राहत, बचाव एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने टनल के भीतर लागू सुरक्षा उपायों एवं सुरक्षा जांच की जानकारी प्राप्त की।
सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मृतक के स्वजन को नियमानुसार तत्काल उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
मृतक के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उसके गृह जनपद तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक के दौरान सचिव ने घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी ली एवं भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अतिरिक्त उपायों के बारे में पूछा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घटना के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जाए तथा सभी तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों का पुनर्मूल्यांकन किया जाए।
सचिव सुमन ने टनल निर्माण एवं संचालन से संबंधित वर्तमान एसओपी की विस्तृत समीक्षा की।
सचिव ने एसओपी को अद्यतन करने के निर्देश
उन्होंने जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन सेवा, आपदा प्रबंधन विभाग तथा अन्य संबंधित तकनीकी एवं कार्यदायी संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर एसओपी को अपडेट करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र, जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्य, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) एवं डीआइजी राजकुमार नेगी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- आखिर ऐसा क्या हुआ उत्तराखंड की सिलक्यारा सुरंग में? जिस कारण हुई मजदूर की दर्दनाक मौत
यह भी पढ़ें- उत्तरकाशी: सिलक्यारा सुरंग निर्माण के दौरान हादसा, कंक्रीट लाइनिंग का ब्लॉक टूटकर गिरने से मजदूर की मौत