विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 08, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

केदारनाथ में अवस्थापना विकास में मदद करेगा बिड़ला ग्रुप, पढ़िए पूरी खबर

By Raksha PanthariEdited By:
Updated: Mon, 08 Jul 2019 08:33 PM (IST)

सीएम ने कहा कि केदारनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। उन्होंने निर्देश दिए कि अवस्थापना सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

केदारनाथ में अवस्थापना विकास में मदद करेगा बिड़ला ग्रुप, पढ़िए पूरी खबर
केदारनाथ में अवस्थापना विकास में मदद करेगा बिड़ला ग्रुप, पढ़िए पूरी खबर

देहरादून, जेएनएन। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केदारनाथ में अवस्थापना सुविधाओं को लेकर बैठक की। इस दौरान सीएम ने कहा कि केदारनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। उन्होंने निर्देश दिए कि अवस्थापना सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए बिड़ला ग्रुप से सहयोग लिया जा सकता है।   

मुख्यमंत्री आवास में सोमवार को बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान सीएम ने कहा, श्रद्धालु केदारनाथ और बदरीनाथ के साथ-साथ पंच बदरी और पंच केदार के दर्शन भी कर सकें, इसके लिए पर्यटन विभाग की वेबसाइट और अन्य माध्यमों से इन प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ में अवस्थापना विकास संबधी जो कार्य होने हैं, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से बातचीत कर उसका डिजाइन बनाया जाए। 

श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत हर संभव मदद दी जाएगी। सीएम ने कहा कि अवस्थापना विकास से संबधित जो कार्य होने हैं, उसका डीटेल प्रस्ताव बनाये जाएं। अवस्थापना विकास कार्यों में बिड़ला ग्रुप से सहयोग लिया जा सकता है।   

बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल ने कहा, केदारनाथ में यात्रा के सफल संचालन और यात्रियों की सुविधाओं के दृष्टिगत अवस्थापना विकास जरूरी है। 2013 की आपदा में मंदिर समिति की पूजा और मन्दिर व्यवस्था संबंधी आधारभूत संरचनाएं नष्ट हो गई थी। बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष ने कहा कि केदारनाथ में मंदिर के समीप भोग मंडी, मठ भंडार, तोषाखाना, रावल निवास, पुजारी निवास और कार्यालय के साथ ही कार्मिकों के लिए आवास बनने हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक रैन बसेरे का निर्माण किया जाना है। 

बैठक में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, सचिव वित्त अमित नेगी, बदरी-केदार मंदिर समिति के सीईओ बीडी सिंह, आदित्य बिड़ला ग्रुप के सीनियर मैनेजर अरुण सिंह आदि मौजूद रहे।   

यह भी पढ़ें: अभी तक पटरी पर नहीं आ पाई हेमकुंड में यात्रा व्यवस्थाएं, पढ़ें खबर में

यह भी पढ़ें: जिस गुफा में पीएम मोदी ने की साधना उसका आकर्षण विदेशों में भी बढ़ा, जुलाई के लिए बुकिंग फुल