Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'टिहरी मेडिकल कॉलेज में जनभावनाएं होंगी सबसे बड़ा आधार, जरूरत के अनुरूप होगा फैसला'; CM धामी ने दिया आश्वासन

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 06:15 AM (IST)

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक किशोर उपाध्याय के साथ चर्चा की। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री धामी ने टिहरी मेडिकल कॉलेज स्थापना पर की विस्तृत चर्चा।

    2. जनभावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप होगा कॉलेज का निर्णय।

    3. टिहरी में मेडिकल कॉलेज से गढ़वाल की स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत।

    राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल और टिहरी के विधायक किशोर उपाध्याय ने भेंट की। इस दौरान टिहरी जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी जैसे भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, बल्कि पूरे गढ़वाल मंडल के स्वास्थ्य ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप इस दिशा में सकारात्मक एवं ठोस कदम उठाएगी।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण उपचार पहुंचाने के लिए चिकित्सा अवसंरचना का विकास, मेडिकल एवं नर्सिंग शिक्षा का विस्तार तथा आधुनिक स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण पर लगातार काम किया जा रहा है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं। आयुष्मान भारत योजना, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, टेलीमेडिसिन सेवाओं के विस्तार और मेडिकल शिक्षा संस्थानों की संख्या बढ़ने से लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं। सरकार इन प्रयासों को और गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

    खबरें और भी

    बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने टिहरी की स्वास्थ्य जरूरतों, चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और मेडिकल कॉलेज स्थापना से जुड़े प्रस्तावों एवं संभावनाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। विधायक किशोर उपाध्याय ने भी टिहरी की जनभावनाओं का उल्लेख करते हुए मेडिकल कॉलेज को क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता बताया।

    मुख्यमंत्री ने दोनों जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को अधिक मजबूत, आधुनिक और जनोन्मुख बनाने के लिए आवश्यक सभी कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएंगे।

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड को केंद्र का बड़ा तोहफा, कर हस्तांतरण में मिले ₹1244 करोड़, CM धामी ने PM मोदी और वित्त मंत्री का जताया आभार