देहरादून में मूसलधार बारिश का कहर: जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कें हुई बाधित
रातभर हुई मूसलाधार बारिश से देहरादून में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, जिससे कई इलाकों में जलभराव, सड़कें बाधित और पुल-पुश्ते क्षतिग्रस्त हो गए। ...और पढ़ें
HighLights
रातभर की बारिश से देहरादून में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित
नंदा की चौकी पुल धंसा, कई सड़कें जलमग्न और बाधित
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की
जागरण संवाददाता, देहरादून। रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने राजधानी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया।
लगातार वर्षा के कारण कई स्थानों पर सड़कें बाधित हो गईं, पुल और पुश्ते क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि शहर के अनेक हिस्सों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सबसे गंभीर स्थिति नंदा की चौकी में देखने को मिली, जहां पुल धंसने से यातायात प्रभावित हो गया।
वहीं, दून की गब्बर बस्ती में पुलिया टूटने से स्थानीय लोगों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। काठबंगला क्षेत्र में एक मकान ढहने की सूचना है, हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
दूसरी ओर देहरादून-मसूरी मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से यातायात बाधित रहा और यात्रियों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी।
मालदेवता क्षेत्र में भी हालात चिंताजनक रहे।लगातार बारिश के चलते जगह-जगह सड़क पर मलबा और बोल्डर आ गए, जबकि उफान पर बह रही नदी का रौद्र रूप देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
प्रशासन लोगों से नदी और नालों के किनारे जाने से बचने की अपील कर रहा है। शहर के भीतर भी बारिश का असर साफ दिखाई दिया। गोविंदगढ़ क्षेत्र में एक दीवार ढह गई, जबकि लालपुल के पास भी दीवार गिरने की घटना सामने आई।
इसके अलावा डालनवाला क्षेत्र में नदी किनारे बने पुश्ते क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे आसपास के मकानों पर खतरा बढ़ गया है। कई स्थानों पर नदी-नालों के किनारे बनी सुरक्षा दीवारों में दरारें आने और कटाव की भी सूचना है।
लगातार बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों और निचले इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से यातायात धीमा पड़ गया और लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कई वाहन पानी में फंस गए, जबकि पैदल चलने वाले लोगों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश की आशंका जताई है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों से दूर रहने व प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: देहरादून-पिथौरागढ़ में 12वीं तक के स्कूल बंद, बद्रीनाथ हाईवे बाधित
यह भी पढ़ें- देहरादून में नंदा की चौकी का 16 करोड़ का नया पुल धंसा: पहली बारिश में दिखी खामी, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल