देहरादून में 2 दिन की लगातार बारिश से लुढ़का पारा, जलभराव और जाम से बढ़ी मुश्किलें
दून में लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे कई इलाकों में जलभराव और यातायात बाधित हुआ। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी हल्की से म ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
दून में लगातार बारिश से तापमान में गिरावट
जलभराव और यातायात बाधित, स्कूल जाने में कठिनाई
मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी
जागरण संवाददाता, देहरादून। दून में दो दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को सुबह से हुई बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
सुबह बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि, दोपहर तक मौसम साफ होने के बाद थोड़ी राहत मिल सकी।
शुक्रवार को देहरादून के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार शहर में आंशिक से लेकर सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। एक-दो दौर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में बारिश का असर अधिक रहने की संभावना है।
अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास और पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से कम दर्ज किया गया।
देहरादून में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस तथा शाम 5:30 बजे तक 3.2 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।
मौसम विभाग ने जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन और संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आम लोगों से अपील की गई है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन संभावित स्थानों से दूरी बनाए रखें तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई गई है।
रुड़की क्षेत्र में हुई सर्वाधिक बारिश
गुरुवार सुबह रुड़की क्षेत्र में सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई है। खानपुर में 41.5, लक्सर में 33 जबकि रुड़की में 21 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
पर्वतीय क्षेत्रों में थलीसैण में 19, रिखणीखाल में 18 चंपावत में 15, सतपुली में 14 जबकि पिथौरागढ़ में 11.5 मिलीमीटर बारिश हुई।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मानसून का आगमन, देहरादून समेत कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में 10 दिन देरी से पहुंचा मानसून, जून में 37 प्रतिशत कम बरसे मेघ