विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में अवैध मदरसों पर बड़ी कार्रवाई, हरिद्वार के मंगलौर में दो सील; 2 से मांगे गए दस्तावेज

Updated: Sun, 30 Aug 2026 08:14 AM (IST)

उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण ने अवैध मदरसों पर कार्रवाई तेज की है। हरिद्वार के मंगलौर में दो मदरसे सील किए गए और दो से अभिलेख मांगे गए।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. मंगलौर में दो अवैध मदरसे सील किए गए

  2. दो अन्य मदरसों से अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा

  3. ऊधम सिंह नगर में सात मदरसे बंद करने की सिफारिश

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। मदरसा शिक्षा बोर्ड की समाप्ति के बाद एक जुलाई 2026 को अस्तित्व में आए उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण ने राज्य में अवैध रूप से संचालित मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। प्राधिकरण की सिफारिश पर शनिवार को शिक्षा महानिदेशक आकांक्षा कौंडे और हरिद्वार जिला प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मंगलौर क्षेत्र में संचालित दो अवैध मदरसों को सील कर दिया।

दो को सोमवार तक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया है। प्राधिकरण के चेयरमैन डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने इसकी पुष्टि की है।

जिला प्रशासन हरिद्वार के साथ शिक्षा महानिदेशक ने की कार्रवाई

प्राधिकरण के गठन के बाद प्रदेश में संचालित मदरसों को मुख्यधारा की शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने के लिए उनकी मान्यता और पंजीकरण की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर बिना निर्धारित प्रक्रिया पूरी किए मदरसों का संचालन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

प्राधिकरण ने की ऊधम सिंह नगर के सात मदरसे बंद करने की सिफारिश

प्राधिकरण के चेयरमैन डॉ. गांधी के अनुसार, ऊधम सिंह नगर जिले में भी सात अवैध मदरसों के संचालन की जानकारी सामने आई है। इन मदरसों को बंद कर सील करने के लिए संबंधित प्रशासन से कार्रवाई की सिफारिश की गई है। इन संस्थानों में शिक्षा विभाग की निर्धारित मुख्यधारा की शिक्षा के बजाय धार्मिक शिक्षा पर अधिक जोर दिया जा रहा है। 

डॉक्टर गांधी ने बताया कि प्राधिकरण को देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में गुपचुप तरीके से संचालित किए जा रहे अवैध मदरसों के संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही हैं।

यह भी पढ़ें- देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा दावों की खुली पोल: ग्रीन कॉरिडोर पर छह KM तक अंधेरा, स्ट्रीट लाइटें बंद

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: मानसून फिर सक्रिय, 2 सितंबर तक भारी बारिश; देहरादून सहित 8 जिलों में आज यलो अलर्ट