देहरादून: बेकाबू सिटी बस ने पांच श्रमिकों को कुचला, एक की मौत; चालक को मिर्गी का दौरा पड़ने से हुआ हादसा
देहरादून के लालपुल के पास एक बेकाबू सिटी बस ने पांच श्रमिकों को टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौत हो गई और चार घायल हो गए। ...और पढ़ें

बेकाबू सिटी बस लालपुल के पास पांच श्रमिकों को टक्कर मारकर फुटपाथ पर चढ़ गई।
HighLights
लालपुल पर बेकाबू सिटी बस ने 5 श्रमिकों को कुचला
हादसे में एक श्रमिक की मौत, चार गंभीर रूप से घायल
चालक ने मिर्गी का दौरा पड़ने को हादसे का कारण बताया
जागरण संवाददाता, देहरादून। लालपुल के पास बेकाबू सिटी बस पांच श्रमिकों को टक्कर मारकर फुटपाथ पर चढ़ गई। हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई जबकि चार को घायलावस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इनमें से एक की हालत काफी गंभीर बनी हुई है, जिसे काफी चोटें आई हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपित चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना मंगलवार सुबह 11.15 बजे की है। एक सिटी बस आइएसबीटी से राजपुर जा रही थी। बस को जाखन निवासी अर्जुन चला रहा था।

लालपुल के निकट ग्रेड लिगेसी बिकन होटल के बाहर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर के ऊपर चढ़ गई। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि डिवाइडर पर बैठे पांच श्रमिक बस की चपेट में आ गए, जबकि अन्य श्रमिकों ने भागकर बचाई।
हादसे में रतन कुमार (45 वर्ष) निवासी बलिया उत्तर प्रदेश, संजीत (32 वर्ष) निवासी मुजफ्फरपुर बिहार, सुखराज साहनी (59 वर्ष) निवासी ग्राम बिसौल, दरभंगा, बिहार वर्तमान निवासी बागड़ियों वाली गली संजय कालोनी पटेलनगर, मानसिंह और आहद (22 वर्ष) निवासी राजीवनगर, चमनपुरी पटेलनगर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया, इनमें आहद ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
लालपुल चौक के आसपास हर समय भीड़भाड़ रहती है। जिस समय हादसा हुआ घटनास्थल के आसपास काफी भीड़ थी। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई।
सीओ सदर अंकित कंडारी, पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसांई, चौकी प्रभारी प्रवीन पुंडीर व पुलिस जवानों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मिर्गी का दौरा पड़ने से हादसा होने का अंदेशा
हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक अर्जुन को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे मिर्गी के दौरे पड़ते हैं। घटना से पूर्व भी उसे मिर्गी का दौरा पड़ा था, जिसके कारण बस अचानक अनियंत्रित हो गई।
पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसांई ने बताया कि चालक का चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा। उसके बाद ही पता चलेगा कि चालक को कोई समस्या थी या हादसे की वजह कुछ और रही।

आए थे काम की तलाश में, हादसे के हुए शिकार
बड़ी संख्या में श्रमिक काम की तलाश में लालपुल पर खड़े रहते हैं। लोग यहीं से श्रमिकों को काम करवाने के लिए अपने साथ लेकर जाते हैं।
मंगलवार को भी सुबह बड़ी संख्या में श्रमिक लालपुल पर खड़े थे। इसी बीच अनियंत्रित बस ने उन्हें कुचल दिया। इस दौरान बस में सवार यात्री भी बाल-बाल बच गए। उन्हें अन्य बस के माध्यम से अपने गंतव्य के लिए भेजा गया। हादसे के बाद लंबा जाम लग गया।
खबरें और भी
पुल के आसपास भारी संख्या में लोग जुट गए और कई वाहन चालकों ने अपने वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर दिए। ऐसे में निरंजनपुर सब्जी मंडी तक वाहनों की कतारें लग गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया।

आरटीओ की टीम ने किया परीक्षण
हादसे के बाद आरटीओ की टीम ने बस का तकनीकी परीक्षण किया। बस के दस्तावेज से जुड़ी किसी तरह की कमी नहीं मिली। साथ ही बस में किसी तरह की तकनीकी खामी नहीं पाई गई। अब आरटीओ को चालक की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है।
आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही तकनीकी टीम को रवाना किया गया। बस में किसी तरह की तकनीकी खामी नहीं मिली।
बस अनूप शर्मा निवासी हाथीबड़कला के नाम पर पंजीकृत है। बस का संचालन चालक अर्जुन गुरुंग निवास राजपुर कर रहा था। जानकारी के मुताबिक अर्जुन को मिर्गी का दौरा पड़ा।
यह भी पढ़ें- हरिद्वार बस हादसा: सप्तऋषि क्षेत्र में पलटी श्रद्धालुओं की गाड़ी, एक महिला की मौत, 16 घायल
यह भी पढ़ें- नैनीताल बस हादसा: जवान ड्यूटी में तो खुशियां मनाने गांव जा रहा था छात्र, महिला का काटना पड़ा हाथ