Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देहरादून में बेरोजगारों ने 12 सूत्रीय मांग को लेकर किया सचिवालय कूच, पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 08:46 PM (IST)

    देहरादून में उत्तराखंड बेरोजगार संघ के युवाओं ने 12 सूत्रीय मांगों को लेकर सचिवालय कूच किया, जहां पुलिस से उनकी झड़प हुई। ...और पढ़ें

    देहरादून में सचिवालय कूच के दौरान प्रदर्शनकारियों को बेरिकेट पर रोकते पुलिसकर्मी। जागरण

    देहरादून में सचिवालय कूच के दौरान प्रदर्शनकारियों को बेरिकेट पर रोकते पुलिसकर्मी। जागरण

    HighLights

    1. बेरोजगार युवाओं ने देहरादून सचिवालय तक महारैली निकाली

    2. पुलिस ने रोका तो प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प हुई

    3. 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा, कार्रवाई के आश्वासन पर प्रदर्शन स्थगित

    जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के नेतृत्व में मंगलवार को सैकड़ों युवाओं ने 12 सूत्रीय मांगों को लेकर युवा आक्रोश महारैली के तहत सचिवालय कूच किया।

    पुलिस के रोके जाने पर प्रदर्शनकारी भड़क गए और जमकर धक्का-मुक्की व नोकझोंक हुई। रोजगार, अंकिता भंडारी को न्याय और दिल्ली में प्रदर्शनकारी युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

    मंगलवार को बड़ी संख्या में युवा परेड ग्राउंड में एकत्र हुए और संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल के नेतृत्व में कूच किया। सचिवालय के निकट पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। इस दौरान पुलिस और युवाओं के बीच धक्कामुक्की और तीखी नोकझोंक हुई।

    प्रदर्शनकारियों ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग पर भर्ती प्रक्रियाओं में देरी का आरोप लगाते हुए नए भर्ती विज्ञापन जारी करने और परीक्षा कैलेंडर लागू करने की मांग उठाई।

    युवाओं ने जेई/एई, फारेस्ट गार्ड, सहायक लेखाकार, कनिष्ठ सहायक, पुलिस कांस्टेबल, दारोगा, वन दारोगा, आबकारी विभाग, सचिवालय रक्षक सहित विभिन्न पदों पर तत्काल भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग की।

    साथ ही आरओ-एआरओ, ईओ, एपीएस, एएसओ समेत लंबित परीक्षाओं का कैलेंडर जारी करने और यूजेवीएनएल, यूपीसीएल, पिटकुल व अन्य विभागों की भर्तियां शुरू करने की मांग भी उठाई।

    बाद में राम कंडवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अपर सचिव कार्मिक से मुलाकात कर 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। अपर सचिव ने संबंधित आयोगों से वार्ता कर जल्द कार्रवाई, समयबद्ध समाधान और जवाबदेही तय करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया।

    राम कंडवाल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो युवा दोबारा सड़कों पर उतरेंगे और लोक सेवा आयोग व अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में तालाबंदी करेंगे।

    प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश सिंह, प्रदेश संयोजक सुशील कैंतुरा, सचिव सजेंद्र कठैत, सह-संयोजक जसपाल चौहान, विशाल चौहान, बिट्टू वर्मा, नितिन तोमर, सचिन पुरोहित, पंकज तिवारी आदि शामिल रहे।

    यह भी पढ़ें- देहरादून में नर्सिंग बेरोजगारों का हल्लाबोल: भारी बारिश के बीच स्वास्थ्य मंत्री के आवास कूच, पुलिस ने रोका

    यह भी पढ़ें- देहरादून में कांग्रेस का लोकभवन कूच, पुलिस से तीखी झड़प; 300 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया