उत्तराखंड में 'हर खेत को पानी' योजना का 70% काम पूरा, पंतनगर हवाई अड्डे का होगा विस्तार
उत्तराखंड में 'हर खेत को पानी' योजना के तहत 70% से अधिक सिंचाई परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। पंतनगर हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल का निर्माण शुरू हो गया है ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का ‘हर खेत को पानी’ कार्यक्रम।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून । केंद्र सरकार की हर खेत को पानी योजना के तहत उत्तराखंड में सिंचाई परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। राज्य में इस योजना के अंतर्गत 70 प्रतिशत से अधिक परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। इसके साथ ही संसद में उठाए गए सवाल के जवाब में राज्य के हवाई अड्डों के विस्तार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी सामने आई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने राज्यसभा में केंद्र सरकार से उत्तराखंड की प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी मांगी थी। इसके उत्तर में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी ने बताया कि राज्य की दो प्रमुख परियोजनाएं जमरानी बांध परियोजना और लखवाड़ बहुद्देश्यीय परियोजना को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्रीय सहायता दी जा रही है। इन परियोजनाओं में क्रमशः 21 प्रतिशत और 14 प्रतिशत भौतिक प्रगति हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की 1,066 सतही लघु सिंचाई परियोजनाओं को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के ‘हर खेत को पानी’ कार्यक्रम के तहत शामिल किया गया है। राज्य सरकार से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक 772 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। शेष परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए नियमित समीक्षा बैठकें और फील्ड निरीक्षण किए जा रहे हैं। वहीं, नागर विमानन मंत्रालय में राज्य मंत्री ने राज्य के हवाई अड्डों के विस्तार की जानकारी दी।
उन्होंने कि जौलीग्रांट एयरपोर्ट के विस्तार के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने राज्य सरकार से 140.5 एकड़ भूमि का अनुरोध किया है। इसके अलावा पंतनगर एयरपोर्ट में लगभग 8500 वर्ग मीटर के नए टर्मिनल भवन का निर्माण शुरू किया गया है। यहां रनवे को 3000 मीटर तक बढ़ाया जाएगा, जिससे ए-321 श्रेणी के विमानों का संचालन संभव हो सकेगा और यात्रियों को बेहतर हवाई सुविधाएं मिलेंगी।