उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार: आयुष्मान योजना का बजट बढ़ा, नए अस्पताल बनेंगे
उत्तराखंड सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए हैं। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 4252 करोड़ रुपये का बजट
अटल आयुष्मान योजना का बजट 600 करोड़ हुआ
दूरस्थ क्षेत्रों में नए अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र
सुकांत ममगाईं, देहरादून। राज्य सरकार ने बजट में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, सुदृढ़ और आधुनिक बनाने पर खास ध्यान दिया है।
सरकार का फोकस एक ओर जहां दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने पर है, वहीं दूसरी ओर मातृ-शिशु स्वास्थ्य, गंभीर बीमारियों के इलाज और स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रविधान किए गए हैं।
इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के लिए राजस्व मद में लगभग 4252.50 करोड़ रुपये और पूंजीगत मद में लगभग 195.46 करोड़ रुपये का बजटीय प्रविधान किया गया है।
इसके साथ ही अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण व उन्नयन, अटल आयुष्मान योजना के बजट में वृद्धि और सुरक्षित मातृत्व को प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं को भी मजबूती देने की तैयारी की गई है।
सुरक्षित मातृत्व पर सरकार का फोकस
प्रसूताओं को आर्थिक सहयोग प्रदान करने और सुरक्षित मातृत्व को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित 'ईजा बोई शगुन' योजना के लिए आगामी वित्तीय वर्ष में लगभग 14 करोड़ 13 लाख रुपये का प्रविधान किया गया है।
इस योजना के माध्यम से प्रसूता महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे सुरक्षित प्रसव और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलता है।
विभिन्न जिलों में अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों का विकास
प्रदेश में स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने के लिए विभिन्न जिलों में अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण और उन्नयन किया जा रहा है। इसके तहत बागेश्वर में जिला चिकित्सालय, देहरादून में उप जिला चिकित्सालय डोईवाला और प्रेमनगर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बालावाला का निर्माण होना है।
इसी प्रकार उत्तरकाशी के भटवाड़ी, हरिद्वार के भगवानपुर, अल्मोड़ा के चौखुटिया, पौड़ी गढ़वाल के दुगड्डा और टिहरी गढ़वाल के पिलखी में भी स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण का कार्य चल रहा है।
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्रों में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
भवाली में बहुविशेषज्ञता अस्पताल की योजना
कुमाऊं क्षेत्र में उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नैनीताल के भवाली में बहुविशेषज्ञता और उच्च विशेषता अस्पताल विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।
खबरें और भी
हेल्थ टूरिज्म को भी मिलेगा बढ़ावा
राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के साथ हेल्थ और वेलनेस टूरिज्म को भी बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है। अध्यात्म, योग, आयुर्वेद और लोक संस्कृति को आधुनिक स्वास्थ्य पर्यटन से जोड़ते हुए पर्यटन स्थलों के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।
अटल आयुष्मान योजना का बजट बढ़ा
गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के बजट में बढ़ोतरी की गई है।
पिछले वर्ष योजना के लिए 550 करोड़ रुपये का प्रविधान था, जिसे इस वर्ष बढ़ाकर 600 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
इस योजना के तहत प्रदेश के परिवारों को पांच लाख रुपये तक का निश्शुल्क और कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
वर्तमान में योजना के अंतर्गत 306 सरकारी और 230 निजी अस्पताल सूचीबद्ध हैं। अब तक प्रदेश में 57.19 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं और 16.19 लाख से अधिक बार मरीजों ने इसका लाभ उठाया है।
सरकार अब तक इस योजना के तहत करीब 3171 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। डायलिसिस, हृदय रोग, कैंसर, न्यूरो सर्जरी और नेत्र रोग जैसे गंभीर उपचार भी इस योजना के तहत किए जा रहे हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।