15 अगस्त पर उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम? 14 से 17 तक भारी बारिश की चेतावनी, सभी जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 14 से 17 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके मद्देनजर सभी जिलों को अलर्ट पर रखा गया है।

फाइल फोटो।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में आने वाले दिनों में तेज बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने 14 से 17 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
वहीं इसी चेतावनी के मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा सभी जिलों को आवश्यक सावधानियां एवं तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।
- मौसम विभाग के के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं नैनीताल जनपदों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। चम्पावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार एवं ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है।
- 15 अगस्त को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत एवं बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।
- 16 अगस्त को चम्पावत, बागेश्वर एवं नैनीताल जनपदों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा एवं पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश तथा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा एवं पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।
- 17 अगस्त को देहरादून व टिहरी जिले में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। अन्य जिलों मे येलो अलर्ट रहेगा।
मौसम की जानकारी लेकर ही करें यात्रा
सचिव विनोद कुमार सुमन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम की जानकारी ले अपनी यात्रा लान करें।
