Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, कई जिलों में येलो अलर्ट, सप्ताहभर में धीमा पड़ सकता है मानसून
Uttarakhand Monsoon: उत्तराखंड में मानसून सक्रिय है और पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने ...और पढ़ें

कुमाऊं के पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा का क्रम जारी। जागरण
HighLights
उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बारिश जारी है।
कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी।
अगले सप्ताह मानसून की गतिविधि धीमी होने की संभावना।
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून (Uttarakhand Monsoon Up) की सक्रियता के बीच पहाड़ से मैदान तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल मंडरा रहे हैं और तेज बौछारों का दौर जारी है। कुमाऊं के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई, जबकि देहरादून में भी वर्षा का एक तीव्र दौर आया। हालांकि शाम तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया। आज भी पहाड़ों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की आशंका है।
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारों का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान देहरादून, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की संभावना है। ऐसे में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। सोमवार से पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा के दौर देखने को मिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें- चारधाम यात्रा में 48 लाख के पार पहुंची श्रद्धालुओं की संख्या, पिछले वर्ष की तुलना में पहुंचे ज्यादा दर्शनार्थी
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश में मानसून की गतिविधि कुछ धीमी पड़ सकती है। इसका असर खासकर मैदानी जिलों में अधिक देखने को मिल सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर बौछारों का क्रम जारी रहने की संभावना है।
