उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी, देहरादून में नदियां उफान पर, आज भी ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, खासकर देहरादून में नदियां उफान पर हैं और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। मौसम विभाग ने आज ...और पढ़ें
HighLights
देहरादून में भारी बारिश से नदियां उफान पर, जलभराव की स्थिति।
चकराता, मसूरी, धनोल्टी में 150 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज।
देहरादून, चमोली, बागेश्वर के लिए आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। खासकर राजधानी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को हुई भारी वर्षा से नदी-नाले उफान पर आ गए, जबकि पहाड़ी इलाकों में जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं।
शहर के कई हिस्सों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आज भी देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है।
देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादलों का डेरा है और बौछारों के दौर भी जारी हैं। मंगलवार मध्य रात्रि को शुरू हुई वर्षा दून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह तक जारी रही। बीते 24 घंटों में चकराता, मसूरी और धनोल्टी क्षेत्र में 150 मिलीमीटर से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि देहरादून शहर के विभिन्न हिस्सों में 60 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज हुई।
लगातार बारिश के कारण रिस्पना, बिंदाल, सोंग और सुसवा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया और निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई स्थानों पर जलभराव से यातायात प्रभावित रहा, जबकि पहाड़ी मार्गों पर मलबा आने से आवाजाही में भी दिक्कतें आईं।

वर्षा के बाद चंद्रबनी स्थित कैलाशपुर में खाली प्लाट में हुआ जलभराव। क्षेत्रवासी
अगले कुछ दिन प्रदेश में इसी प्रकार का मौसम बना रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
देहरादून, चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ आकाशीय बिजली चमकने और अत्यंत तीव्र बारिश के दौर की आशंका जताई गई है। वहीं, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- देहरादून पॉक्सो मामला: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित मनवीर की जमानत याचिका खारिज
इन जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने के साथ गर्जन और बिजली गिरने की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।