उत्तराखंड के पहाड़ों पर तेज बारिश से उफनाई नदी, डोईवाला में अस्थाई पुलिया व मार्ग बहा
पर्वतीय क्षेत्रों में तेज वर्षा के कारण डोईवाला के शीला चौकी मार्ग पर बनी अस्थाई पुलिया और सड़क बह गई, जिससे लगभग 6 गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क टू ...और पढ़ें
HighLights
डोईवाला में तेज बारिश से अस्थाई पुलिया और सड़क बही
छह गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क पूरी तरह कटा
ग्रामीणों ने पुल पुनर्निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया
संवाद सहयोगी, डोईवाला (देहरादून) । पर्वतीय क्षेत्रों में तेज वर्षा के चलते शीला चौकी मार्ग पर पिछली बरसात के बाद बनाई गई अस्थाई पुलिया व मार्ग बह गया। इसके चलते करीब 6 गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया है।
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र की गडूल ग्राम सभा के शीला चौकी क्षेत्र स्थित खाले पर पिछले वर्ष आपदा में बहा संपर्क पुल व रास्ता एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पुनर्निर्मित नहीं हो सका है।
जनजीवन बुरी तरह प्रभावित
बरसात शुरू होते ही क्षेत्र के कई गांवों का मुख्य सड़क और बाजार से संपर्क टूट जाता है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पुल के अभाव में स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और किसानों को रोजाना गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर शनिवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य रविन्द्र रावत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मौके पर प्रदर्शन कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान डोईवाला ब्लाक प्रमुख गौरव सिंह भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष आई आपदा में पुल पूरी तरह बह गया था। इसके बाद कई बार प्रशासन और विभाग से पुल निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया।
बरसात के दौरान खाले में जलस्तर बढ़ने से आवाजाही पूरी तरह बाधित हो जाती है। कई स्कूली बच्चों को पढ़ाई जारी रखने के लिए शहर में किराये के कमरों में रहना पड़ रहा है, जबकि बीमार और बुजुर्ग लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाना भी बड़ी चुनौती बन जाता है।