Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देश के खिलाफ बड़ी साजिश नाकाम, कट्टरपंथी गिरफ्तार; पाकिस्तानी आकाओं से चैट में मिली हथियारों-विस्फोटकों की डिटेल

    Updated: Thu, 18 Jun 2026 12:14 AM (GMT+05:30)

    उत्तराखंड एसटीएफ ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्त मोहम्मद सलाउद्दीन को गिरफ्तार किया है। उस पर युवाओं ...और पढ़ें

    इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

    इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

    HighLights

    1. एसटीएफ ने मोहम्मद सलाउद्दीन को कट्टरपंथी गतिविधियों में गिरफ्तार किया।

    2. युवाओं को उग्र विचारधारा की ओर प्रेरित करने का आरोप।

    3. हथियारों, विस्फोटक सामग्री से जुड़ी संदिग्ध चैट्स मिलीं।

    जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान उधमसिंहनगर जिले के गदरपुर निवासी मोहम्मद सलाउद्दीन के रूप में हुई है। एसटीएफ का दावा है कि आरोपी इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के जरिए युवाओं को प्रभावित कर कट्टरपंथी विचारधारा की ओर आकर्षित करने का प्रयास कर रहा था।

    एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर एसटीएफ ने सलाउद्दीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान आरोपित के मोबाइल फोन की पड़ताल की गई, जिसमें टेलीग्राम और सिग्नल जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई समूहों और चैट्स में कथित रूप से जिहादी एवं कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़ी सामग्री मिलने का दावा किया गया।

    उग्र विचारधारा की ओर प्रेरित करने के मिले संकेत

    एसटीएफ के अनुसार प्रारंभिक जांच में युवाओं को भ्रमित कर उग्र विचारधारा की ओर प्रेरित करने के संकेत मिले हैं। आरोपित के सोशल मीडिया नेटवर्क के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय कट्टरपंथी तत्वों से संभावित संपर्कों के संकेत भी मिले हैं। जांच में कुछ चैट्स में हथियारों और विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं उनकी आवाजाही से संबंधित संदिग्ध बातचीत सामने आने की बात कही गई है। इन पहलुओं की तकनीकी और फ़ारेंसिक जांच जारी है।

    पूछताछ के दौरान आरोपित ने स्वीकार किया कि कुछ घटनाओं से प्रभावित होकर उसके भीतर कट्टरपंथी सोच विकसित हुई थी। आरोपित ने कुछ चैट और संपर्कों को डिलीट करने की बात भी स्वीकार की है। जांच में उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से उसके संपर्क होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

    खबरें और भी

    मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपित से पूछताछ और इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर आगे की जांच जारी है।

    उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी में एक विदेशी हैंडलर के माध्यम से देश विरोधी गतिविधियों के संचालन की आशंका सामने आई है, जिसकी विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय कर जांच की जा रही है। साथ ही संभावित नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में उत्तर प्रदेश में भी दबिश दी जा रही है।