Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand Weather: मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी, इन जिलों में स्‍कूल बंद

    Updated: Wed, 14 Jan 2026 09:28 PM (IST)

    उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन मैदानी इलाकों में घना कोहरा और पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ रहा है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घने कोहरे ...और पढ़ें

    उत्तराखंड में मौसम शुष्क, निचले इलाकों में घना कोहरा और पहाड़ों में पाले का प्रकोप। फाइल फोटो

    उत्तराखंड में मौसम शुष्क, निचले इलाकों में घना कोहरा और पहाड़ों में पाले का प्रकोप। फाइल फोटो

    HighLights

    1. मैदानी इलाकों में घना कोहरा और शीतलहर की चेतावनी

    2. हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

    3. शुक्रवार से पहाड़ों में वर्षा-बर्फबारी की संभावना

    जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी इलाकों में घने कोहरे और पर्वतीय क्षेत्रों में पाले के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में तेज धूप खिलने से दिन के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव भी देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, शुक्रवार से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम करवट बदल सकता है और वर्षा-बर्फबारी संभव है।

    बुधवार को निचले इलाकों में सुबह हल्की धुंध व कोहरा छाया रहा। हालांकि, दोपहर में धूप खिल गई और कड़ाके की ठंड से फौरी राहत रही। वहीं, पहाड़ से मैदान तक सुबह-शाम कड़ाके की ठंड जारी है और पारे में भारी गिरावट से जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी प्रदेश में मौसम शुष्क बना रह सकता है।

    हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी करते हुए आरेंज अलर्ट घोषित किया है। इसके अलावा नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जनपदों के मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट के चलते कहीं-कहीं पाला पड़ने की आशंका है।

    वहीं, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में शीत लहर चलने की चेतावनी है। इस कारण यहां स्‍कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रखा गया है।

    मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी शुक्रवार को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने का अनुमान है। इसके प्रभाव से उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा तथा 3400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। हालांकि राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है।

    यह भी पढ़ें- सहारनपुर में पारा 2.0 डिग्री पर पहुंचा, इस सीजन का सबसे ठंडा दिन, घने कोहरे के कारण सड़क व रेल यातायात प्रभावित 

    यह भी पढ़ें- अरे ये क्‍या हो गया? बर्फ से लकदक रहने वाले हिमालयी गांवों में उड़ रही है धूल, निचली घाटियों में पड़ा सूखा

    खबरें और भी