Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड के पहाड़ों में बादलों का डेरा, नौ जिलों में वर्षा के आसार
उत्तराखंड में भारी वर्षा का दौर धीमा पड़ा है, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों, खासकर कुमाऊं में तीव्र बौछारें जारी हैं। आज ...और पढ़ें

उत्तराखंड में भारी वर्षा के दौरान से फिलहाल कुछ राहत। जागरण
HighLights
उत्तराखंड में भारी वर्षा का दौर धीमा पड़ा।
नौ जिलों देहरादून-नैनीताल में भारी वर्षा का येलो अलर्ट।
कुमाऊं में तीव्र बौछारें जारी, हल्द्वानी में 58 मिमी वर्षा।
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में भारी वर्षा का दौर कुछ धीमा पड़ा है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में तीव्र बौछारों का सिलसिला जारी है। खासकर कुमाऊं में झमाझम वर्षा हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिन इसी प्रकार का मौसम बना रह सकता है। आज देहरादून-नैनीताल समेत नौ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा के दौर हो सकते हैं। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
दून में शुक्रवार को सुबह से ही धूप और बादलाें की आंख-मिचौनी चलती रही। हालांकि, शाम को आसमान में घने बादल घिर आए और देर रात तक तेज बारिश के आसार बने रहे। गढ़वाल मंडल में पहाड़ों पर कहीं-कहीं बूंदाबांदी होती रही। जबकि, मैदानी इलाकों में धूप खिलने से पारे में इजाफा दर्ज किया गया।
उधर, कुमाऊं में कई जिलों में जोरदार बारिश के दौर हुए। हल्द्वानी में सर्वाधिक 58 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। देहरादून, पौड़ी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा की चेतावनी है।

