उत्तराखंड में मौसम का कहर, आंधी से कई पेड़ गिरे और गौशाला की छत उड़ी; आज सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली है, जिससे कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया ह ...और पढ़ें

देहरादून में देर रात तेज वर्षा के साथ कड़कती बिजली. Jagran

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑनलाइन डेस्क, उत्तराखंड। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आज प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
गुरुवार देर रात और शुक्रवार की सुबह उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश हुई। जिससे चिलचिलाती गर्मी गायब हो गई और मौसम सुहावना हो गया।
केदारनाथ समेत पूरे जिले में बारिश के बाद मौसम हुआ सुहावना हो गया है। शुक्रवार को यहां धूप खिली।
तेज बारिश व हवा के कारण जगह-जगह गिरे पेड़
देहरादून: गुरुवार रात बारिश के साथ तेज हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़ गिर गए। फायर सर्विस की टीम ने पेडों को काटकर यातायात सुचारू किया। राजपुर रोड से मैगी पॉइंट तक 10-12 छोटे व बड़े पेड़ व टहनियों को फायर यूनिट द्वारा हटाकर सड़क किनारे किया गया व मार्ग को आवाजाही के लिए सुचारु किया गया।
जगह जगह बिजली के तार भी गिरे हुए थे जिसकी सूचना बिजली विभाग को दे दी गई हैं। इसी तरह प्रेमनगर में गिरे पेड़ को छोटे टुकड़ों में काटकर साइड किया व मार्ग को आवाजाही के लिए खोला गया। पेड़ गिरने से कोई नुकसान की सूचना नहीं है।
गौशाला की छत उड़ गई
देहरादून के डोईवाला - थानो न्याय पंचायत के अंतर्गत पड़ने वाले गांव कुड़ियाल में बीती रात्रि तेज वर्षा व तीव्र हवाओं के चलने से स्थानीय निवासी कुंवर सिंह कृषाली की गौशाला की छत उड़ गई। साथ ही गौशाला की ईंट की दीवार भी गिर गई। गनीमत यह रही की गौशाला में बंधे पशुओं को किसी प्रकार की जान माल का नुकसान नहीं हुआ।
खबरें और भी
बीती रात आये तूफान के बाद मसूरी में अच्छी धूप खिली। रात से बिजली आपूर्ति नहीं है। कई जगह पेड़ टूटे हैं और कई छतें उड़ गई हैं।
ऋषिकेश में मौसम साफ
रात वर्षा के बाद शुक्रवार सुबह तीर्थनगरी में मौसम साफ हो गया है। तेज हवा और आसमानी बिजली गरजने के बाद रात विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। अब तक आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।
ऊर्जा निगम के कर्मचारी लाइनों को ठीक कर रहे हैं। शहर के कई इलाकों में सुबह पानी की आपूर्ति भी नहीं हुई। जिससे लोगों की दिक्कत बढ़ गई। ऊर्जा निगम के ईई शक्ति प्रसाद ने बताया कि लाइनों को ठीक कराया जा रहा है।
रुड़की में गिरे पेड, बिजली गुल
बीती रात के समय चली तेज आंधी की वजह से विभिन्न स्थानों पर पेड़ गिरने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। झबरेड़ा क्षेत्र में जहां रात्रि 12:00 बजे से बिजली गुल है और सुबह तक भी बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई। वही रुड़की में शेखपुरा समेत कई इलाकों में लो वोल्टेज की वजह से उपभोक्ताओं के इनवर्टर आदि जवाब दे रहे हैं और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।
रुड़की में रात के समय आई आंधी की वजह से रुड़की शहर में कई स्थानों पर पेड़ टूटकर वाहनों पर गिर गए है। दिल्ली रोड पर पेड़ गिरने की वजह से लोडर, एक कार एवं बस क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं रामनगर में एक मकान की दीवार गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई है। शहर में जगह-जगह साइन बोर्ड उखड़ गए हैं। जिसकी वजह से काफी नुकसान हुआ है।
श्रीनगर गढ़वाल में बीती रात्रि को झमाझम बारिश हुई। शुक्रवार सुबह से मौसम सुहावना हो गया। वातावरण में फैली धुंध से निजात मिली और गर्मी से भी राहत मिली।
मसूरी में तूफान तांडव
बीती रात दस बजे से सुबह चार बजे तक चले तूफान तांडव मचाता रहा। तूफान में बीएसएनल के टेलीफोन एक्सचेंज भवन की पूरी छत उड़ गई। लाइब्रेरी बाजार क्षेत्र के दुग्गल विला में एक होटल की छत उड़ गई।
स्प्रिंग रोड पर सुराना पानी चमार खड्ड में पहाड़ से विशाल पत्थर टूट कर आया जो वहां पर खड़ी टैक्सी को पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। भट्टा गांव में विशाल पेड़ गिरने से गांव जाने का रास्ता बाधित हुआ है। क्यारकुली के समीप बिजली के कई खंभे टूटे हैं, जिससे पूरे मसूरी की बिजली आपूर्ति रात से बंद है।
कोटद्वार में चीड़ का पेड़ गिरा, दो कार क्षतिग्रस्त
बीती रात आए तूफान के दौरान दुगड्डा लैंसडौन के मध्य फर्सुला के समीप चीड़ का पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी दो कार बुरी तरफ क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के वक्त कार में कोई मौजूद नहीं है। लैंसडौन में भी पेड़ गिरने से नुकसान की जानकारी आई है। कई जगह विद्युत लाइनों पर भी पेड़ गिरे हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। भारी बारिश के कारण चेलुसैंण देवीखेत मोटरमार्ग बाधित को गया है।
कोटद्वार व आसपास के क्षेत्रों में बीती मध्य रात्रि तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जिस कारण आमजन को भारी गर्मी से राहत मिली। गुरुवार सुबह जहां क्षेत्र में तापमान 30 डिग्री था, बारिश के कारण शुक्रवार सुबह यह 23 डिग्री तक पहुंच गया। बारिश के कारण जंगलों में लगी आग भी बुझ गई है। तेज हवा के कारण कई जगह विद्युत आपूर्ति भी बाधित हुई है।
कुमाऊं का मौसम
नैनीताल में रात राहत की बारिश हुई और मौसम सुहावना हो गया। बागेश्वर में रात 2 बजे से शुक्रवार सुबह 4 बजे तक झमाझम बारिश हुई। अभी बादल छाए हुए हैं। जंगलों की आग नियंत्रित है। पिथौरागढ़ में मध्यरात्रि से सुबह 6 बजे तक तेज गर्जना के साथ बारिश हुई। अभी बादल छाये हैं। अल्मोड़ा में देर रात्रि हुई वर्षा से तापमान में गिरावट आई है। जंगलों में लगी आग बुझ गई है और पहाड़ियों पर धुंध कम हो गई है। हल्द्वानी और रुद्रपुर में धूप खिली है। चंपावत में धूप है।
सात जिलों में वर्षा और ऊंचाई पर बर्फबारी
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में तेज गर्जन के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा इन जिलों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
वहीं, राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और खुले स्थानों में न रुकने की सलाह दी है।