उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, देहरादून सहित 4 जिलों में अगले 3 घंटे बेहद अहम
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने देहरादून समेत चार जिलों के लिए अगले तीन घंटों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ...और पढ़ें

सांकेेतिक तस्वीर।
HighLights
देहरादून समेत चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
अगले तीन घंटों में तीव्र बारिश की आशंका
अनावश्यक यात्रा से बचने की प्रशासन की अपील
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने गुरुवार रात को देहरादून समेत राज्य के चार जिलों के लिए अगले तीन घंटों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार, रात 8:43 बजे से 11:43 बजे के बीच इन जिलों के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बेहद खराब रह सकता है।
इन जिलों में तीव्र बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, निम्नलिखित जिलों के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और कहीं-कहीं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका है।
- देहरादून
- टिहरी
- बागेश्वर
- पिथौरागढ़
संवेदनशील क्षेत्र: यहां बरतनी होगी विशेष सतर्कता
प्रशासन और मौसम विभाग ने विशेष रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
- देहरादून जिला: धनोल्टी, सहस्त्रधारा और इनके आसपास के इलाके।
- टिहरी जिला: सकलाना रेंज, नरेंद्र नगर और शिवपुरी क्षेत्र।
- बागेश्वर जिला: कपकोट और आसपास के पहाड़ी क्षेत्र।
- पिथौरागढ़ जिला: बेरीनाग, मुनस्यारी, दारमा और धारचूला घाटी।
प्रशासन की जनता से अपील
मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए सुरक्षा गाइडलाइंस जारी की हैं।
- अनावश्यक यात्रा से बचें: खराब मौसम और भारी बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों या नदी-नालों की ओर अनावश्यक यात्रा न करें।
- सुरक्षित स्थानों पर रहें: भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाकर रखें। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें।
- विभाग अलर्ट पर: आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिचालन केंद्रों सहित सभी संबंधित विभागों को 'हाई अलर्ट मोड' पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- Weather Update: उत्तराखंड में तेज होगा मानसून का दौर, पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट