यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Weather: केदारनाथ-बद्रीनाथ में बर्फबारी के बाद लुढ़का पारा, इन इलाकों में होगी बारिश
Uttarakhand Weather उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। अब पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर तेज हो गया है। केदारनाथ बद्रीनाथ हेमकुंड साहिब समेत पिथौरागढ़ ...और पढ़ें

HighLights
- उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट
- केदारनाथ और बद्रीनाथ समेत चोटियों पर बर्फबारी
- पहाड़ों पर लुढ़कने लगा पारा
जागरण संवाददाता, देहरादून। मौसम ने करवट बदली और केदारनाथ, बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब समेत पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों में बर्फबारी हुई। इससे पूरे प्रदेश में पारा लुढ़क गया। तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। आज और कल भी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने की संभावना है। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से यलो अलर्ट जारी किया है।
सोमवार सुबह से प्रदेशभर के जनपदों में घने बादल छाए रहे। दोपहर एक बजे के आसपास पहले केदारनाथ धाम की चोटियों पर बर्फबारी शुरू हुई और करीब एक घंटे बाद धाम में भी बर्फबारी शुरू हो गई। दोपहर करीब डेढ़ बजे से बद्रीनाथ धाम एवं हेमकुंड साहिब में वर्षा और बर्फबारी हुई। देर शाम तक यह जारी थी। इससे जोशीमठ, पीनलकोटी, गोपेश्वर व चमोली समेत अन्य निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड महसूस की गई।
घरों में कैद रहे लोग
लोग दिनभर घरों में रहने को मजबूर रहे। केदारनाथ के आसपास गौरीकुंड, फाटा, सोनप्रयाग, गुप्तकाशी और ऊखीमठ आदि क्षेत्र में हल्की वर्षा से ठिठुरन बढ़ गई। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव तापते भी नजर आए।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand: लगातार बढ़ रहा पहाड़ का तापमान, पिघल रहे हिमालय; जलवायु परिवर्तन का है असर!
ऐसा रहा तापमान
वहीं देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 20.4 व न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 13.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 21.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 10.8 व न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 14.6 डिग्री व न्यूनमत तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
खबरें और भी
इन इलाकों में हो सकती हैं बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को भी साढ़े तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ वर्षा हो सकती है। इन पहाड़ी जनपदों की ऊंचाई वाली चोटियों पर बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। निचले क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की जा सकती है।
दून में दिन भर छाये रहे बादल, तापमान गिरा
देहरादून शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में सोमवार दिनभर घने बादल छाये रहे। जिससे शहर का तापमान गिर गया। इससे बाजारों में भी और दिनों की अपेक्षा कम लोग खरीदारी को पहुंचे। शाम पांच बजे बाद मालदेवता, सहस्रधारा, एफआरआइ, कंडोली, बिधेाली, प्रेमनगर, गड़ीकैंट आदि क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड महसूस की गई। मंगलवार को आसमान मुख्यतः: साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाये रहने का अनुमान है।