Uttarakhand Weather Today: शुष्क मौसम से बढ़ा तापमान, मार्च में ही गर्मी का एहसास
उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। मार्च की शुरुआत से ही गर्मी बढ़ गई है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में मौसम शुष्क और चटख धूप के बीच पारे में लगातार उछाल दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में मार्च की शुरुआत के साथ तपिश में भी इजाफा हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज इसी प्रकार बना रह सकता और पारे में और इजाफा होने के आसार हैं।
रविवार को देहरादून में सुबह से ही चटख धूप खिली रही और दिनभर तपिश महसूस की गई।
साथ ही पारा भी लगातार कुलांचे भरते हुए 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जो कि सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है।
इसी प्रकार अन्य मैदानी क्षेत्रों में भी यही आलम है। रुड़की का अधिकतम तापमान सर्वाधिक 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक है। जिससे सुबह-शाम ठंड भी कम हो गई है।
फरवरी में भी बेहद कम वर्षा होने के कारण समय से पहले गर्मी पड़ने लगी है। फरवरी में प्रदेश में सामान्य से 94 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।
अब आने वाले दिनों में भी वर्षा के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
अगले दो-तीन दिन में पारे में और वृद्धि होने का अनुमान है। आगामी सात मार्च को पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है।
- शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 29.7, 12.8
- ऊधमसिंह नगर, 29.0, 8.7
- मुक्तेश्वर, 19.3, 5.1
- नई टिहरी, 19.5, 6.4