Uttarakhand Weather: नवरात्र के पहले दिन बदला मौसम, चारधाम समेत ऊंची चोटियों ने ओढ़ी बर्फ की चादर
नवरात्र के पहले दिन उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली है, पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है, जिससे ठंड बढ़ गई है। ...और पढ़ें

चारधाम सहित उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। नवरात्र के पहले दिनउत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। पहाड़ों में सुबह से हल्की वर्षा हो रही है। वहीं चारधाम सहित उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की भी सूचना है। मैदानी क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मसूरी, हल्द्वानी, नैनीताल, बागेश्वर, कोटद्वार में बारिश हुई। वहीं पूरे राज्य में मैदान से पहाड़ तक बादल छाए हुए हैं।
बागेश्वर में बूंदाबांदी से बढ़ी ठंड, लोगों ने फिर निकाले गर्म कपड़े
बागेश्वर: जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। गुरुवार सुबह से जिले में हल्की बारिश होने से ठंड में इजाफा हो गया है। ठंड बढ़ने के चलते लोगों ने फिर से गर्म कपड़े निकाल लिए हैं और बचाव के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।
गुरुवार तड़के करीब तीन बजे से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। इसके बाद सुबह करीब छह बजे से हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो रुक-रुककर जारी है। जिले के गरुड़ और बागेश्वर क्षेत्र में भी मौसम का यही हाल बना हुआ है। उधर, हिमालयी क्षेत्रों में मौसम विभाग ने हिमपात की संभावना जताई है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। मौसम में आए इस बदलाव से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोग जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
ज्यादातर क्षेत्रों में वर्षा के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में वर्षा के आसार हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने, अंधड़ व ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बुधवार को सुबह से ही दून समेत आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडराते रहे। दिनभर वर्षा के आसार बने रहे और धूप न खिलने से पारे में भी गिरावट दर्ज की गई। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। जबकि, चोटियों पर हल्के हिमपात की सूचना है।
खबरें और भी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज राज्य के अधिकांश जनपदों में हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ बिजली चमकने और 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बारिश के तीव्र दौर भी देखने को मिल सकते हैं।
हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने के आसार हैं। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।