Uttarakhand Weather: लू से लाल हुआ दून, पारा 40 पार; हीट वेव को लेकर अलर्ट
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां देहरादून समेत कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। ...और पढ़ें

दून में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा. Concept Photo

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल है। देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है और दिनभर लू के थपेड़े हलकान कर रहे हैं।
आज भी प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से मैदानी क्षेत्रों में लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
बुधवार को राज्य के मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया।
भीषण गर्मी और लू का सामना
इससे मैदानी इलाकों में लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है। दून में दिनभर चटख धूप के कारण भीषण गर्मी महसूस की गई। पिछले कुछ दिन से लगातार तापमान में वृद्धि हो रही है। हालांकि, अगले दो से तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद एक से दो दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
हीट वेव को लेकर यलो अलर्ट
वहीं, देहरादून, टिहरी और अल्मोड़ा में भी कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, देहरादून और उत्तरकाशी के निचले इलाकों में कहीं-कहीं हीट वेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।