निहंगों के उत्तराखंड कूच से पुलिस-प्रशासन के फूले हाथ-पांव, छावनी में तब्दील कुल्हाल
निहंगों के उत्तराखंड में प्रवेश के प्रयास से हिमाचल सीमा पर पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है। पांवटा साहिब गुरुद्वारे में अधिकारियों और निहंगों के बीच वार्ता ...और पढ़ें
HighLights
निहंगों के उत्तराखंड कूच से पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूले
हिमाचल सीमा पर कुल्हाल में भारी पुलिस बल तैनात
पांवटा साहिब गुरुद्वारे में निहंगों से वार्ता जारी
जागरण संवाददाता, विकासनगर। निहंगों के उत्तराखंड कूच से पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। निहंगों को हिमाचल बार्डर से उत्तराखंड में प्रवेश करने से रोकने को कुल्हाल में कई थानों की पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स तैनात है।
पंजाब से आए कई निहंगों के जत्थे हिमाचल के पांवटा साहिब गुरुद्वारे में आकर रुके हैं। जिनसे बात करने एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार, तहसीलदार विवेक राजौरी, नायब तहसीलदार ग्यारुदत्त जोशी, एसपी देहात पंकज गैरोला पांवटा साहिब गुरुद्वारा पहुंचे।
जहां पर पंजाब से आए निहंगों से अधिकारियों की वार्ता चल रही है। वार्ता के दौरान पांवटा साहिब थाने के एसएचओ कुलवंत सिंह भी हैं। समाचार लिखे जाने तक निहंग उत्तराखंड में प्रवेश की जिद पर अड़े रहे। देर शाम तक वार्ता का दौर जारी रहा।
बता दें कि 16 जून को कर्णप्रयाग में निहंगों व स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया था। जिसमें चार लोग घायल हो गए थे। इसके बाद बीते शनिवार को कुछ निहंगों ने नगरासू स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब की चौथी मंजिल व छत पर कब्जा कर लिया था।
जिनका आरोप था कि कर्णप्रयाग मामले में गुरुद्वारे के सेवादारों ने मदद नहीं की। जिससे पुलिस प्रशासन की सिरदर्दी बढ़ गई थी। काफी प्रयास के बाद स्थानीय पुलिस, प्रशासन व पंजाब से आए शिष्टमंडल की मध्यस्तता से गुरुद्वारा निहंगों के कब्जे से मुक्त कराया गया।
हालांकि, जत्थेदार बाबा अजीत सिंह ने गुरुद्वारे पर कब्जे जैसी बात से इंकार किया था। नगरासू गुरुद्वारा से निहंगों के लौटने के बाद पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली। लेकिन गुरुवार को निहंगों के हिमाचल बार्डर से उत्तराखंड कूच की घोषणा ने पुलिस-प्रशासन की परेशानियां बढ़ा दी।
खबरें और भी
गुरुवार सुबह से हिमाचल बार्डर पर स्थित कोतवाली विकासनगर की पुलिस चौकी कुल्हाल क्षेत्र को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया।
एसडीएम, तहसीलदार, एसपी देहात समेत कई थानों की पुलिस व पैरामिलिट्री लगाई गई। खुफिया तंत्र भी पूरी तरह से सक्रिय रहा। बार्डर पर सघन चेकिंग शुरू कर दी गई। जो भी निहंग जैसी वेशभूषा में दिखाई दिया, पुलिस ने उसे हिमाचल की ओर वापस लौटा दिया।
पुलिस-प्रशासन को सूचना मिली कि शाम को निहंगों का जत्था हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब गुरुद्वारे में पहुंच गया है। जिस पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी तुरंत गुरुद्वारा पांवटा साहिब पहुंचे। सभी ने गुरुद्वारे में मत्था टेका और फिर निहंगों से वार्ता शुरू की।
काफी समझाने के बाद भी निहंग उत्तराखंड में प्रवेश की बात पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक वार्ता जारी थी। हिमाचल बार्डर पर कुल्हाल के साथ ही डाकपत्थर बैराज पुल पर भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस-प्रशासन को आशंका है कि निहंग रात में उत्तराखंड में प्रवेश कर सकते हैं। जिसको लेकर पुलिस व प्रशासन की टीम अलर्ट मोड में है।
यह भी पढ़ें- नगरासू गुरुद्वारे के प्रबंधक बेहंत सिंह बोले- निहंगों ने गुरुद्वारा के सेवा भाव को पहुंचाई ठेस
यह भी पढ़ें- नगरासू गुरुद्वारा गतिरोध: तीसरे दिन भी निहंगों का कब्जा, छावनी में तब्दील हुआ इलाका; शांति बहाली के प्रयास तेज