देहरादून के विकासनगर में गोहना नदी के उफान में बहा स्कूटी सवार, दो जांबाज युवकों ने बचाई जान
रुद्रपुर में गोहना नदी का जलस्तर बढ़ने से एक स्कूटी सवार तेज बहाव में बहने लगा, जिसे दो युवकों ने जान जोखिम में डालकर बचाया। ...और पढ़ें
HighLights
रुद्रपुर में गोहना नदी में स्कूटी सवार बहा, बचाया गया
दो साहसिक युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर युवक को बचाया
ग्रामीणों ने नौ साल से लंबित पुल निर्माण की तत्काल मांग की
संवाद सहयोगी, विकासनगर (देहरादून)। रुद्रपुर में गोहना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से सोमवार को खतरनाक स्थित उत्पन्न हो गई। सड़क पर स्थित रपटे पर पुल न होने के कारण स्कूटी सवार एक युवक तेज बहाव में बहने लगा।
इससे उसकी जान खतरे में पड़ गई। हालांकि मौके पर मौजूद दो साहसिक युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
इस मामले में स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यहां लंबे समय से पुल निर्माण की मांग की जा रही है, मगर सरकारी स्तर से इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उधर, कुछ ही देर में घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के चलते गोहना नदी का पानी रपटे पर बहने लगा। इसी दौरान एक स्कूटी सवार तेज बहाव में फंस गया। स्कूटी के साथ युवक भी पानी में बहने लगा।
यह देख आसपास मौजूद दो युवकों ने बिना देर किए कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। इस बीच अनहोनी की आशंका को लेकर मौके पर मौजूद अन्य लोगों की सांस भी अटकी रही।
शुरू न हो सका काम
घटना के बाद ग्रामीणों ने गोहना नदी पर पुल निर्माण में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि करीब नौ वर्ष पहले पुल निर्माण को स्वीकृति मिली थी, लेकिन आज तक निर्माण शुरू नहीं हो सका है। इसका खामियाजा हर वर्ष बरसात के मौसम में क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
20 गांवों के लोग प्रभावित
ग्रामीणों के अनुसार रुद्रपुर क्षेत्र के सोरना, डोभरी, बडृवा, होरावाला समेत करीब 20 गांवों के हजारों लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं।
बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ते ही सड़क जलमग्न हो जाती है, जिससे गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क बाधित हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को होती है।
उन्हें कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर सहसपुर के रास्ते विकासनगर पहुंचना पड़ता है। ग्रामीणों ने सरकार से गोहना नदी पर जल्द से जल्द पुल निर्माण की मांग की है।
यह भी पढ़ें- भारी बारिश से मसूरी-देहरादून मार्ग प्रभावित: सड़क पर आईं दरारें, लगा लंबा जाम
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में वर्षा का प्रकोप: देहरादून समेत 3 जिलों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट