विक्रम शर्मा हत्याकांड: देहरादून पुलिस ने झारखंड में एक लाख के इनामी बदमाश के घर की संपत्ति कुर्क की
पुलिस ने गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड में एक लाख के इनामी बदमाश आकाश कुमार प्रसाद के घर की कुर्की की है। ...और पढ़ें

गैंग्स्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में छतीसगढ़ के बदमाश आकाश कुमार के घर की कुर्की करती दून पुलिस। पुलिस

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। गैंग्स्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में दून पुलिस ने झारखंड पहुंचकर बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस ने एक लाख के इनामी बदमाश आकाश कुमार प्रसाद निवासी बजरंग टेकरी, बागबेरा, जमशेदपुर जुगसलाई, जिला सिंहभूम, झारखंड के घर की कुर्की की।
फरार चल रहे अन्य इनामी अपराधियों के घर की कुर्की के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
13 फरवरी 2026 को राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी में जिम से बाहर निकलते समय शूटरों ने झारखंड के गैंग्स्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।
इस मामले में डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर शूटरों व सहयोगियों की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान घटना में झारखंड के बदमाशों की संलिप्तता सामने आई।
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर झारखंड व बिहार भेजा गया।
प्रकरण में पुलिस ने सहयोगी रहे दो आरोपितों अक्षत ठाकुर और राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान छह बदमाशों का नाम सामने आया।
उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने न्यायालय से गिरफ्तारी व कुर्की का वारंट हासिल किया। बदमाशों के लगातार फरार होने के चलते ने सभी छह बदमाशों पर एक-एक लाख का इनाम घोषित किया।
पुलिस ने 12 मई को हत्या की साजिश में शामिल एक लाख के इनामी यशराज सिंह को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि फरार चल रहे पांच बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी गई।
रविवार को पुलिस टीम ने न्यायालय देहरादून से कुर्की वारंट हासिल करते हुए फरार चल रहे इनामी बदमाश आकाश कुमार प्रसाद के घर की कुर्की की। उसके घर से सारा सामान नजदीकी थाने में रखवाया गया है।
इसके अलावा अन्य फरार चल रहे बदमाशों के घरों के बारे में जानकारी हासिल करते हुए कालोनी निवासियों को बदमाशों के बारे में बताया गया है। कुर्की के वारंट हासिल कर पुलिस जल्द अन्य बदमाशों के घर के कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।